अक्षय कुमार ने कल 18 मार्च को कास्ट और क्रू के साथ अयोध्या में राम सेतु की शुभ शुरूआत भगवान राम के आशिर्वाद के साथ की । अक्षय कुमार व पूरी टीम ने मिलकर अयोध्या में राम सेतु की शूटिंग से पहले भगवान राम दरबार की पूजा-अर्चना की । और अब राम सेतु की टीम ने कास्ट और क्रू के साथ अयोध्या से फिल्म के महुर्त शॉट की तस्वीरें साझा कीं है । इस तस्वीर में फ़िल्म के प्रमुख कलाकार अक्षय कुमार, जैकलीन फर्नांडिस और नुसरत भरुचा सहित निर्देशक अभिषेक शर्मा और अमेजॉन प्राइम वीडियो इंडिया और अबुदंतिया एंटरटेनमेंट के प्रमुख जैसे कि शिखा शर्मा, विजय सुब्रमण्यन, डॉ चंद्रप्रकाश द्विवेदी और विक्रम मल्होत्रा भी नजर आ रहे हैं ।

अक्षय कुमार ने अयोध्या में किया राम सेतु का मुहुर्त शॉट
राम सेतु में अक्षय एकदम अलग अवतार में दिखाई देंगे । उनका लुक और किरदार कई भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय पेशेवर पुरातत्वविदों से प्रेरित है जो इस क्षेत्र में काम करते हैं । भारतीय पौराणिक कथाओं और धर्म से प्रेरित फ़िल्म राम सेतु तथ्यों, विज्ञान और ऐतिहासिक विरासत पर आधारित एक कहानी होगी। फिल्म की कहानी ताकत, बहादुरी, प्रेम और हमारे देश के अनूठे मूल्यों को प्रदर्शित करेगी जो इसके नैतिक और सामाजिक ताने-बाने का निर्माण करती है ।

फ़िल्म के बारें में बात करते हुए अक्षय ने कहा था, “राम सेतु की कथा उन चुनिंदा विषयों में शामिल है, जिन्होंने मुझे हमेशा प्रेरित किया है और मेरे मन में कौतूहल जगाया है । यह कथा शक्ति, शौर्य और प्रेम का प्रतिनिधित्व करती है तथा उन ख़ास भारतीय मूल्यों को प्रस्तुत करती है, जिनसे हमारे महान देश के नैतिक और सामाजिक ताने-बाने का गठन हुआ है । राम सेतु अतीत, वर्तमान और भविष्य की पीढ़ियों के बीच का एक पुल है । मैं भारतीय विरासत के एक महत्वपूर्ण हिस्से की कहानी सुनाने को लेकर बेहद उत्सुक हूं, विशेष रूप से युवाओं को यह कथा सुननी ही चाहिए ।”

इस फिल्म के साथ प्राइम वीडियो द्वारा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का एक कदम आगे बढ़ाया गया है जो 240 देशों और क्षेत्रों में वैश्विक रूप से उपलब्ध होगी । केप ऑफ गुड फिल्म्स, अबुदंतिया एंटरटेनमेंट, लाइका प्रोडक्शंस और प्राइम वीडियो द्वारा निर्मित यह एक्शन-एडवेंचर अभिषेक शर्मा द्वारा निर्देशित होगी जिसमें डॉ चंद्रप्रकाश द्विवेदी क्रिएटिव प्रोड्यूसर का पदभार संभालेंगे । राम सेतु में अक्षय के साथ जैकलीन फर्नांडिस और नुसरत भरुचा भी अहम भूमिका में नज़र आएंगी ।
राम सेतु की थिएट्रिकल रिलीज़ के साथ, अमेजॉन प्राइम वीडियो इस फ़िल्म के लिए दुनिया भर में एक्सक्लूसिव स्ट्रीमिंग पार्टनर होगा ।
















