बॉलीवुड की बेहद खूबसूरत अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे, जो फ़िल्मों में अपनी गर्ल-नेक्स्ट डोर की इमेज के लिए जानी जाती है, के फ़ैंस के लिए बुरी खबर है । हम साथ साथ हैं, सरफ़रोश, मेजर साब जैसी फ़िल्मों में अपनी खूबसूरती के जलवे बिखेरने वाली सोनाली बेंद्रे कैंसर जैसी भयानक बीमारी से जूझ रही है । खुद सोनाली ने अपनी इस बीमारी का खुलासा अपने सोशल अकाउंट पर किया है । इंस्टाग्राम पर अपने पति गोल्डी बहल के साथ काउच पर बैठी सोनाली ने अपनी बीमारी से संबंधित एक भावुक पोस्ट लिखी । इन दिनों सोनाली न्यू यॉर्क में अपना इलाज करा रही है ।

सोनाली बेंद्रे ने लिखा भावुक पोस्ट
इंस्टाग्राम पर सोनाली ने अपनी इस भयानक बीमारी का जिक्र करते हुए एक भावुक पोस्ट लिखा, 'कभी-कभी जब आपको जरा भी उम्मीद नहीं होती जिंदगी अचानक आपको अजीब से मोड़ पर लाकर खड़ा कर देती है । हाल ही में मुझे हाई-ग्रेड कैंसर डायग्नोज हुआ है, जिसके बारे में वाकई में हमें पता तक नहीं चला । हल्के दर्द के चलते कुछ टेस्ट करवाए, जिससे ऐसी रिपोर्ट आई जिसकी उम्मीद तक नहीं थी । मेरा परिवार और मेरे दोस्त मेरे चारों तरफ मजबूती से खड़े हैं और पूरा साथ दे रहे हैं । मैं बहुत खुशकिस्मत और उन सबकी आभारी हूं ।'
उन्होंने आगे लिखा है, 'इससे निपटने के लिए तुरंत एक्शन लेने से बेहतर कोई तरीका नहीं था । इसलिए अपने डॉक्टरों की सलाह पर मैं न्यू यॉर्क में इलाज करवा रही हूं । हम सकारात्मक रहें और मैं हर कदम पर लड़ने को तैयार हूं । मुझसे जिससे बहुत मदद मिली वह बीते कुछ सालों में मिलने वाला प्यार और सपॉर्ट है, जिसके लिए मैं आभारी हूं । मैं इस जंग में आगे बढ़ रही हूं यह जानते हुए कि मेरे पीछे मेरे परिवार और दोस्तों की ताकत है ।'
यह भी देखें : पाली विलेज कैफ़े में एक साथ नजर आईं सोनाली बेंद्रे और नीलम कोठारी
सोनाली, जो रिएल्टी शो इंडियाज बेस्ट ड्रामेबाज के जज के रूप में नजर आ रहीं थी, ने बीमारी के चलते हाल ही में इस शो से अपने जज की कुर्सी को छोड़ा । और अब उनकी जगह हुमा कुरैशी जज के तौर पर नजर आ रही है ।
















