साल 2025 की सबसे बहुप्रतीक्षित हिंदी फिल्म वॉर 2 का ट्रेलर आखिरकार आज रिलीज़ कर दिया गया। दिलचस्प बात यह है कि यह ट्रेलर आमतौर पर बड़ी फिल्मों के ट्रेलर्स जैसे पारंपरिक फॉर्मेट को फॉलो नहीं करता। इसमें ज़्यादातर डायलॉग्स वॉइसओवर के रूप में हैं, जिससे कहानी का रहस्य और भी गहराता है। जैसा कि पहले बॉलीवुड हंगामा ने बताया था, ट्रेलर की अवधि भी तीन मिनट से कम है — केवल 2 मिनट 35 सेकंड। इसी बीच इस ट्रेलर में कियारा आडवाणी के किरदार का भी खुलासा हो गया है ।

वॉर 2 के ट्रेलर में कियारा आडवाणी के किरदार का खुलासा
ट्रेलर में जहां एक ओर ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर के बीच की महाभारत जैसे टकराव पर फोकस रखा गया है, वहीं दूसरी ओर अगर ध्यान से देखा जाए, तो कियारा आडवाणी के किरदार से जुड़ा एक बड़ा संकेत भी मिलता है।

20 मई 2025 को रिलीज़ हुए टीज़र में कियारा आडवाणी का बिकिनी लुक भले ही महज दो सेकंड के लिए दिखा हो, लेकिन उन्होंने सभी का ध्यान खींचा था। वहीं, आज रिलीज़ हुए ट्रेलर में उन्हें काफी ज्यादा स्क्रीन स्पेस और अहमियत दी गई है। ट्रेलर से संकेत मिलता है कि वह ऋतिक रोशन के कूल और चार्मिंग स्पाई किरदार ‘कबीर’ की प्रेमिका बनी हैं। लेकिन वह सिर्फ 'आर्म कैंडी' नहीं हैं — उन्हें भी एक्शन सीक्वेंस में सक्रिय रूप से भाग लेते हुए दिखाया गया है, जो दर्शकों को खासा पसंद आ सकता है।

हालांकि, ट्रेलर का एक छोटा लेकिन बेहद अहम दृश्य है, जिसमें कियारा आर्मी यूनिफॉर्म पहने हुए एक सीनियर ऑफिसर को सैल्यूट करती दिखाई देती हैं। इस दृश्य में उनके यूनिफॉर्म पर नाम टैग पर लिखा है: ‘काव्या लूथरा’। यानी अब यह लगभग स्पष्ट हो जाता है कि वह कर्नल लूथरा की बेटी हैं — वही कर्नल लूथरा जो YRF स्पाय यूनिवर्स में नायकों के मेंटर और प्रमुख हैं। यह कनेक्शन कहानी में एक दिलचस्प मोड़ लाता है, खासकर जब ट्रेलर के एक बेहद तनावपूर्ण दृश्य में कर्नल लूथरा और कबीर आमने-सामने खड़े नजर आते हैं। इतना ही नहीं, एक पल में कर्नल लूथरा अपनी ही बेटी के प्रेमी (कबीर) पर थूक देते हैं — यह इमोशनल और पावर-पैक सीन दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा देता है।

इस बीच, कियारा आडवाणी के लिए निजी ज़िंदगी में भी यह समय बेहद खास है । 15 जुलाई को कियारा और उनके पति सिद्धार्थ मल्होत्रा एक प्यारी सी बेटी के पेरेंट्स बने । वहीं 31 जुलाई को वह अपना जन्मदिन मनाएंगी — यह एक मां के रूप उनका पहला जन्मदिन होगा ।
















