बॉलीवुड पर अक्सर नेपोटिज्म को बढ़ावा देने का आरोप लगाया जाता है । सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर कई मर्तबा बॉयकॉट ट्रेंड भी चलाए गए हैं । लेकिन डांसर, होस्ट और अब एक्टर बने राघव जुयाल ने बॉलीवुड में नेपोटिज्म को सिरे से नकार दिया है । राघव जुयाल, जो करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस और गुनीत मोंगा कपूर की सिख्या एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित फ़िल्म किल से अपना बॉलीवुड डेब्यू करने जा रहे हैं, ने बॉलीवुड हंगामा के साथ हुए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कहा कि, बॉलीवुड में आउटसाइडर और इनसाइडर जैसा कुछ नहीं है और वो व लक्ष्य ललवानी इसका सबसे बड़ा उदाहरण है, क्योंकि इंडस्ट्री के बाहर का होने के बावजूद उन्हें धर्मा प्रोडक्शंस की फ़िल्म मिली ।

राघव जुयाल और लक्ष्य को बिना फ़िल्मी कनेक्शन के मिली धर्मा फ़िल्म
बॉलीवुड हंगामा के साथ हुए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में लक्ष्य ने बताया कि आउटसाइडर होने के नाते और बिना कोई फ़िल्मी कनेक्शन के उन्हें धर्मा फ़िल्म मिली । लक्ष्य ने कहा, “सच कहूँ तो मुझे इस कंपनी में रहते हुए कभी आउटसाइडर वाली फ़ीलिंग नहीं आई । असल में मुझे तो पता ही नहीं है, की आउटसाइडर और इनसाइडर वाली फ़ीलिंग क्या होती है । मुझे तो हमेशा घर वाली फ़ीलिंग ही आई है धर्मा प्रोडक्शंस से । मैंने जब टीवी से ब्रेक लिया था तो कभी नहीं सोचा था कि, मैं कभी धर्मा के साथ काम करूँगा । फिर मैंने दोस्ताना के लिए ऑडिशन दिया और मैं सिलेक्ट भी हो गया । मुझे विश्वास नहीं हो रहा था इसलिए जब तक शूटिंग शुरू नहीं हो गई तब तक मैंने विश्वास नहीं किया कि, मुझे धर्मा की फ़िल्म मिली है ।”
इसी विषय पर राघव ने बॉलीवुड में नेपोटिज्म को सिरे से ख़ारिज कर दिया । राघव ने भी कहा, “आउटसाइडर और इनसाइडर जैसी शिकायत करना बंद कीजिए या इंडस्ट्री में नेपोटिज्म है । ऐसा कुछ नहीं है । मुझे लगता है कि हम इसके सबसे बड़े उदाहरण है कि, हम आउटसाइडर होने के बावजूद धर्मा की फ़िल्म में लीड बने है । इसलिए लोगों को शिकायत करने की बजाए और मेहनत करनी चाहिए और अपने क्राफ़्ट को और बेहतर बनाना चाहिए । आप बिलकुल सफल होंगे ।”
निखिल नागेश भट्ट द्वारा निर्देशित बहुप्रतीक्षित एक्शन थ्रिलर किल 5 जुलाई, 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। लक्ष्य, राघव जुयाल और तान्या मानिकतला अभिनीत इस फिल्म ने पहले ही काफी चर्चा बटोर ली है। करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस और गुनीत मोंगा कपूर की सिख्या एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित, किल में तीव्र और हिंसक एक्शन सीक्वेंस हैं, जिन्होंने दर्शकों को केवल ट्रेलर से ही आकर्षित कर लिया है।
















