जब अजय देवगन और आर. माधवन आमने-सामने आते हैं, तो पटाखे छूटना तय है। इन दोनों का एक बार फिर दे दे प्यार दे 2 के साथ बड़े पर्दे पर लौटना दर्शकों में जबरदस्त उत्साह भर रहा है, जो इसके ट्रेलर में दिखाए गए ड्रामा और मस्ती को देखने के लिए बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।

आर. माधवन और अजय देवगन फिर आए एक साथ
इस बार कहानी में अजय देवगन अपनी बेटी, रकुल प्रीत सिंह, के लिए आर. माधवन की मंज़ूरी पाने की कोशिश करते नज़र आएंगे। अजय देवगन के साथ स्क्रीन शेयर करते हुए आर. माधवन ने कहा, “सेट पर, अजय सर की तरह मैं भी कभी मुकाबला नहीं करता। हमारा पूरा मकसद होता है कि किरदार और फिल्म के लिए जितना बेहतर कर सकें, करें। मैंने अजय सर से सीखा है कि अगर कहानी काम करती है, तो फिल्म काम करती है और तब सबके लिए सब कुछ अच्छा होता है। लेकिन अगर मैं सिर्फ अपने हिस्से पर ध्यान दूं और असुरक्षित महसूस करने लगूं, तो वो फिल्म के प्रति गलत दृष्टिकोण है।”
उन्होंने आगे कहा, “अजय सर के साथ मुझे पूरी आज़ादी और कम्फर्ट मिलता है। सेट पर वो माहौल ऐसा बना देते हैं कि काम बहुत आसान हो जाता है। तब मैं लिखे से भी ज़्यादा करने की कोशिश करता हूं। और अजय सर, अंशुल और लव तीनों मुझे वो आज़ादी देते हैं। तो भले ही हमने शैतान में एक-दूसरे के खिलाफ काम किया था, यहाँ मामला कुछ अलग था । ये ज़्यादा एक ‘वन-अपमैनशिप’ जैसा था। इसका एप्रोच बिल्कुल अलग था। लेकिन मैं ये ज़रूर कहूंगा कि मैंने इस टीम के साथ काम करने के लिए हां इसलिए भी कहा क्योंकि जब मैं उनके साथ सेट पर होता हूं, तो खुद को बहुत स्पेशल महसूस करता हूं। मुझे बहुत प्यार और देखभाल मिलती है, और एक राजा की तरह ट्रीट किया जाता है। और मुझे लगता है, एक एक्टर के लिए इससे बड़ी बात कोई नहीं हो सकती।”
दे दे प्यार दे 2 का निर्देशन अंशुल शर्मा ने किया है, और इसे भूषण कुमार व कृष्ण कुमार (टी-सीरीज़) तथा लव रंजन व अंकुर गर्ग (लव फिल्म्स) ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म 14 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
















