रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के बाद धुरंधर रणवीर सिंह की पहली बड़ी रिलीज़ है । और फ़िल्म को हिट बनाने के लिए रणवीर सिंह कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते हैं । इसलिए रणवीर सिंह ने धुरंधर के लिए एक कड़ा फ़ैसला किया है । धुरंधर के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में मीडिया के साथ रणवीर के फैंस भी मौजूद थे जिसके बाद उनके प्रशंसकों में उम्मीद बढ़ गई कि रणवीर फ़िल्म की बाक़ी की स्टारकास्ट- आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन के साथ आने वाले दिनों में बड़े पैमाने पर धुरंधर का प्रमोशन्स करेंगे । लेकिन बॉलीवुड हंगामा को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी इसके बिल्कुल उलट है।

रणवीर सिंह नहीं होंगे ओवर एक्सपोज
एक सूत्र ने बताया, “फिल्म के मेकर्स जियो स्टूडियोज़ और B62 स्टूडियोज़ ने लो-की प्रमोशनल स्ट्रैटेजी अपनाने का फैसला किया है। इसका मतलब है कि रणवीर सिंह टीवी शोज़ में अपियर नहीं होंगे। वे बड़े इवेंट्स, शहरों में प्रमोशनल टूर और इंटरव्यूज़ से भी दूरी बनाए रखेंगे।”
सूत्र ने आगे कहा, “रणवीर सिंह भी इस फैसले से सहमत थे। वे खुद भी ऐसी ही रणनीति चाहते थे। सर्कस (2022) और उनकी कुछ पिछली फिल्मों के दौरान वे बेहद ओवरएक्सपोज़ हो गए थे, जिससे उन्हें लगता है कि फिल्मों के प्रति उत्साह कम हो गया। इसलिए इस बार वे चाहते हैं कि काम खुद बोले। सौभाग्य से फिल्म जबरदस्त है, टीज़र ने दर्शकों में उत्सुकता जगाई और ट्रेलर ने हाइप और बढ़ा दी है। फिल्म रिलीज़ के बाद वे मीडिया के लिए खुले हो सकते हैं।”
एक इंडस्ट्री इनसाइडर ने कहा, “कई बार ‘कम ही ज्यादा’ होता है। हाल ही में हमने देखा कि सैयारा के लिए नो-प्रमोशनल स्ट्रैटेजी फायदेमंद साबित हुई। एक दीवाने की दीवानियत के मेकर्स भी रिलीज़ से पहले सामने नहीं आए और फिल्म के बाद ही रोडशो और इंटरव्यू किए। जब कंटेंट दमदार हो, यह रणनीति चमत्कार कर सकती है।”
धुरंधर में संजय दत्त और अक्षय खन्ना भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। फिल्म 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
जनवरी 2023 में ट्रेड एक्सपर्ट तरण आदर्श ने बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में इस बात का विश्लेषण किया था कि रणवीर सिंह की बॉक्स ऑफिस पकड़ क्यों कमजोर पड़ रही थी और क्यों रणबीर कपूर उनसे ज्यादा मजबूत बॉक्स ऑफिस ड्रॉ बनकर उभरे । उन्होंने कहा था, “रणबीर कपूर की स्ट्रैटेजी काबिल-ए-तारीफ है। वो बिल्कुल ओवरएक्सपोज़ नहीं होते। आप देखेंगे, हर एक्टर आजकल एयरपोर्ट लुक्स दिखाता है, सोशल मीडिया पर एक्टिव रहता है। लेकिन ब्रह्मास्त्र (2022) के बाद रणबीर शायद ही किसी पब्लिक आउटिंग में दिखे। यही उनकी खासियत है, जो रणवीर सिंह में कमी दिखती है।”
तरण आदर्श ने आगे कहा था, “रणवीर सिंह हर दूसरे दिन किसी न किसी ऐड, फोटोशूट या इवेंट में दिखते हैं। फिर जब उनकी फिल्म आती है, तो एक्साइटमेंट कम हो जाती है। 70s-80s के ऐक्टर्स अपने काम को बोलने देते थे। आज के समय में इतनी ओवरएक्सपोज़र भारी गलती है। रणवीर को अपनी पब्लिक अपियरेंसेज़ कम करनी चाहिए—यह 2022 का सबसे बड़ा सबक है।”
















