कल, 8 नवंबर को करण जौहर को देश के चौथे सर्वोच्च नगारिक सम्मान पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित किया गया । राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने करण जौहर को पद्मश्री सम्मान से नवाजा । परफॉर्मेंस आर्ट के क्षेत्र में योगदान के लिए करण जौहर को ये सम्मान दिया गया । निश्चितरूप से करण जौहर के लिए यह बेहद खुशी का पल था ।

पद्मश्री करण जौहर
पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित होने पर खुशी जताते हुए करण ने अपनी मां हीरू जौहर के साथ फ़ोटो पोस्ट की और लिखा, “मेरी जिंदगी का वास्तव में एक यादगार क्षण.. मुझे पता था कि मैंने अपने पिता को इतना गौरवान्वित किया होगा और मुझे खुशी है कि इस पल मेरी मां मेरे साथ थी । मेरे बच्चों ने मुझसे पूछा कि डेडा क्या आपने अवॉर्ड जीता है ? और मैंने जवाब दिया हां, मैंने उनसे कहा मुझे आशा है कि आप भी एक दिन ऐसा करेंगे । पद्म श्री..विन्रम और सम्मानित धन्यवाद ।”
शेयर की गई तस्वीर में करण अपनी मां के साथ नजर आ रहे हैं । इस दौरान करण ब्लैक कलर के आउटफ़िट में अपने पद्मश्री अवॉर्ड को भी फ़्लॉन्ट कर रहे हैं ।
तमाम बॉलीवुड सिलेब्रिटिज करण को बधाई दे रहे हैं और उनकी तारीफ़ कर रहे हैं । अभिनेता अनिल कपूर ने कमेंट कर लिखा, स्वर्ग में तुम्हारें पिता जी को आप पर बहुत गर्व होगा.. ढेर सारा प्यार । वहीं अंगदा बेदी, नेहा धूपिया, मनीष मल्होत्रा, नीतू कपूर, श्वेता बच्चन और मौनी रॉय ने कमेंट कर फिल्म निर्माता की जमकर तारीफ की है ।
वर्क फ़्रंट की बात करें तो, करण एक बार फ़िर रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के साथ निर्देशन की कमान संभालेंगे । इस फ़िल्म में आलिया भट्ट< रणवीर सिंह, धर्मेंद्र, हेमा मालिनी और शबाना आजमी नजर आएंगी ।
















