महामारी बनकर आए कोरोनावायरस ने पूरी दुनिया में कहर बरपा रखा है । कोरोनावायरस को फ़ैलने से बचाने के लिए देश भर में 21 दिनों का लॉकडाउन लगाया गया है ताकि हर कोई घरों में रहे और ये वायरस लोगों में न फ़ैले । 21 दिनों के लॉकडाउन में हर कोई अपने-अपने घरों में रहने को मजबूर हो गया है । लेकिन लॉकडाउन के इस समय में टीवी पर फ़िर से लोकप्रिय शोज जैसे- रामायण, महाभारत, सर्कस, व्योमकेश बख्शी और शक्तिमान जैसे शोज फ़िर से टेलीकास्ट किए जा रहे हैं । लॉकडाउन के बीच अब फ़ैंस को एक बार फ़िर सुनील ग्रोवर और कपिल शर्मा की जबरदस्त कॉमेडी भी देखने को मिलेगी । निश्चितरूप से फ़ैंस के लिए सुनील ग्रोवर और कपिल शर्मा की साथ में कॉमेडी किसी तोहफ़े से कम नहीं है ।

फ़ैंस को फ़िर से देखने को मिल रही है कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर की कॉमेडी
दरअसल, कोरोनावायरस की वजह से हुए लॉकडाउन से अभी सभी शूटिंग्स बंद है और शूटिंग बंद होने से कपिल शर्मा के नए शो भी शूट नहीं हो पा रहे हैं । इस वजह से अब टीवी पर कपिल शर्मा के पुराने शो टेलीकास्ट किए जा रहे हैं । और इसलिए लोगों को एक बार फ़िर कपिल के शो में सुनील कॉमेडी करते हुए नजर आ रहे हैं ।
बता दें कि, कपिल और सुनील के बीच हुई अनबन के बाद सुनील ने कपिल के शो से किनारा कर लिया । लेकिन सुनील की कॉमेडी के फ़ैंस आज भी उन्हें कपिल के साथ कॉमेडी करते हुए कपिल के शो में देखना चाहते हैं । लेकिन सुनील ने कपिल के शो, द कपिल शर्मा शो में न आने की ठान ली है । हालांकि दोनों के बीच अब संबंध काफ़ी सुधर रहे हैं । जिसका हाल ही में सबूत भी मिला जब सुनील और कपिल एक शादी के मंच पर एक साथ थिरकते हुए नजर आए ।
यह भी पढ़ें : Watch: अनबन के बाद फ़िर एक साथ आए कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर, शेयर की स्टेज
लॉकडाउन की वजह से ही सही, लेकिन एक बार फिर से प्रशंसकों के पास दोनों कॉमेडियन को एक साथ स्क्रीन शेयर करते हुए देखने का सुनहरा मौका मिल गया है । बता दें कि सुनील ग्रोवर के लिए द कपिल शर्मा शो का मंच उनके करियर के लिहाज से टर्निंग प्वॉइंट साबित हुआ था । कपिल के शो में उनके द्दारा निभाए गए किरदार- डॉक्टर मशहूर गुलाटी, गुत्थी और रिंकू भाभी को खूब पसंद किया गया था ।
















