बॉलीवुड की ‘बेबी डॉल’ सिंगर कनिका कपूर कोरोना वायरस को मात देकर अब अपने घर लखनऊ में परिवार के साथ सुकुन के पल बिता रही हैं । कुछ दिन पहले कोविड-19 पॉजिटिव पाईं गई कनिका कपूर के चार टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद पांचवां और छठा टेस्ट नेगेटिव आया जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल से, घर पर 14 दिनों के लिए क्वारंटीन रहने की शर्त पर डिस्चार्ज कर दिया । और अब कनिका कपूर एकदम ठीक हैं जिसकी झलक उनकी हाल ही में पोस्ट की गई तस्वीर में मिली जिसमें वह अपने परिवार के साथ चाय का आनंद लेते हुए नजर आ रही हैं ।

कनिका कपूर के फ़ुर्सत के पल
कनिका ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर एक फ़ोटो पोस्ट की जिसमें उनके साथ उनकी फ़ैमिली नजर आ रही है । सभी के चेहरे पर एक राहतभरी मुस्कान है । बालकनी में अपनी फ़ैमिली के साथ सुकुन के पल बिताती कनिका ने अपनी इस फ़ोटो को पोस्ट करते हुए लिखा, “आपको बस एक अच्छी मुस्कान, दिल और गर्म चाय के कप की जरूरत है ।” कनिका की इस पोस्ट को काफ़ी पसंद किया जा रहा है ।
अपने ऊपर लगे सभी आरोपों पर कनिका ने तोड़ी चुप्पी
इससे पहले कनिका ने कोरोना वायरस को लेकर लापरवाही बरतने वाले अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी । कनिका ने अपनी सफ़ाई देते हुए इंस्टाग्राम पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट शेयर किया । इसमें उन्होंने लिखा, “'मुझे पता है कि मेरे बारें में कई कहानियां बनाई गई हैं । कुछ तो इस वजह से ज्यादा बढ़ी क्योंकि मैं अब तक चुप रही ।
मैं इसलिए चुप नहीं थी क्योंकि मैं गलत थी बल्कि मुझे पता था लोगों को गलत जानकारी दी गई । मैं बस इंतजार कर रही थी कि लोग खुद सच को समझें । मैं अपने परिवार, दोस्त और सपॉर्ट करने वालों का धन्यवाद करती हूं, जिन्होंने ऐसे वक्त में मुझे समझा । मैं उम्मीद और प्रार्थना करती हूं कि आप सभी इस टाइम में सेफ होंगे ।
अब मैं आपको सही बातें बताना चाहूंगी । मैं इस समय अपने लखनऊ वाले घर पर पैरंट्स के साथ क्वालिटी टाइम बिता रही हूं । यूके, मुंबई और लखनऊ में जितने लोग भी मेरे संपर्क में आए, उनमें कोविड-19 के कोई लक्षण नहीं दिखे बल्कि सभी टेस्ट निगेटिव आए । जब 10 मार्च को मैं लंदन से मुंबई आई थी तब एयरपोर्ट पर जांच भी की गई थी ।
उस समय क्वारंटीन में रहने के संबंध में कोई एडवायजरी नहीं थी । (18 मार्च को यूके में एडवाइजरी आई थी) जिसमें लिखा था कि खुद को क्वारंटीन करें । मुझे बीमारी का खुद में कोई लक्षण नहीं दिखा, इसलिए मैंने खुद को क्वारंटीन नहीं किया । इसके बाद जब मैं 11 मार्च को मुंबई से लखनऊ आई, तब एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग नहीं की गई । तब वहां पर कोई व्यवस्था नहीं थी ।
मैंने 14 और 15 मार्च को दोस्तों के साथ लंच और डिनर किया । खुद कोई पार्टी आयोजित नहीं की । उस समय स्वास्थ्य की कोई समस्या नहीं थी 17 मार्च को जब मुझे कुछ समस्या लगी तो 18 मार्च को खुद से कोरोना वायरस टेस्ट कराने को कहा था । 19 मार्च को टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव आने के बाद 20 मार्च को अस्पताल चली गई ।
मेरे तीन टेस्ट निगेटिव आने के बाद डिस्चार्ज किया गया और मैं 21 दिनों से घर पर हूं । मैं डॉक्टर्स और नर्सेज का धन्यवाद करती हूं, जिन्होंने मेरा ऐसे समय में खयाल रखा । मैं उम्मीद करती हूं कि इस मैटर से लोग सच्चाई और संवेदनशीलता के साथ डील करें । इंसान पर नकारात्मकता थोपने से सच्चाई नहीं बदलती ।”
















