यकीनन भारतीय सिनेमा के सबसे मशहूर डांस नंबरों में से एक, ऋतिक रोशन की धूम 2 से धूम अगेन ने फिल्म उद्योग में डांस के लिए एक मिसाल क़ायम की है । हालांकि बहुत से लोग नहीं जानते हैं कि ऋतिक रोशन और टीम ने गाने की शूटिंग के पीछे कितनी मेहनत की थी । गाने की शूटिंग के राज खोलते हुए ऋतिक रोशन ने धूम मचाले का अपना अनुभव साझा किया।

ऋतिक रोशन ने धूम अगेन गाने की 26 घंटे से अधिक की नॉन-स्टॉप शूटिंग
अपने शूट को याद करते हुए, ऋतिक रोशन कहते हैं, “धूम 2 का गाना धूम अगेन ऐसे है मानो सब चीज़ें परफ़ेक्ट हो, एक दूसरे से बस ठीक से जुड़ जाये, गाने से लेकर स्टेप्स और कोरियोग्राफी तक पूरी तरह से फिट हैं । मुझे याद है कि आदि (आदित्य चोपड़ा) ने सभी के साथ डांस स्टेप्स के लिए बहुत समय बिताया, ढेर सारे ऑप्शन्स चुनके, उसमेंसे बेस्ट ऑप्शन तय करना, यह एक प्रतिभा है और इसका श्रेय आदित्य चोपड़ा को जाना चाहिए जिन्होंने बैठकर सर्वश्रेष्ठ ऑप्शंस का चयन किया, उसके बाद मुझे बुलाया गया । उन विकल्पों को दिखाया और मेरे शरीर पर उन डांस स्टेप्स का परीक्षण किया । फिर जो स्टेप्स मुझे सबसे अच्छा लगे, हम उसी के साथ आगे बढ़े । गाना, स्टेप्स और इसके आसपास की हर चीज लगभग परफेक्ट है । इसके साथ खुद की तारीफ करने की कोशिश नहीं कर रहा हूं, लेकिन ऐसा महसूस हो रहा है कि हमने इस गाने में जो कुछ भी डाला, वह सब बहुत अच्छा रहा । मुझे उस गाने पर बहुत गर्व है, इसमें बहुत मेहनत लगी है ।”
गाने की शूटिंग से एक दिलचस्प किस्सा पेश करते हुए, ऋतिक ने गाने के ज़ोरदार शूटिंग शेड्यूल का खुलासा किया और उसके बाद उन्होंने कैसे जश्न मनाया, “हमने धूम अगेन को बिना रुके शूट किया, सुबह 9 बजे से अगली सुबह तक जब हमने लगभग 10- 11 बज पैक अप किया । क्योंकि अगर मुझे सही याद है तो ऐश (ऐश्वर्या राय बच्चन) को फ्लाइट लेनी थी और हमारे पास सीमित समय था । मैंने सुबह 9 बजे डांस करना शुरू किया और अगली सुबह पैक अप किया, इसलिए हमने पूरे दिन, पूरी रात और अगली सुबह शूटिंग की । जैसा कि मुझे गाने में काफ़ी फिट दिखना था और अपने ऐब्स दिखाने थे, मैं पानी में कटौती कर रहा था, कोई खाना नहीं था इसलिए जैसे ही हमने गाने की शूटिंग पूरी की, मैंने चॉकलेट की बाल्टियाँ ऑर्डर कीं, मैंने सचमुच इसे बाल्टी में ले आने के लिए कहा । उन्होंने मुझे दो बाल्टी सिर्फ जंक फूड और चॉकलेट दी । मैं यह नहीं कह रहा कि यह एक अच्छी बात है, लेकिन इस तरह के कठिन दिन के काम के बाद, कुछ भी स्वीकार्य है ।”
भारत में अब तक के सर्वश्रेष्ठ नृत्य गीतों में अपनी जगह का दावा करते हुए, धूम अगेन ऋतिक रोशन के नृत्य कौशल का प्रतीक है ।
















