भारतीय सिनेमा ही नहीं बल्कि दुनिया के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में से एक शाहरुख खान ने अभिनेता के तौर पर हिंदी फिल्मों में अपने 32 साल पूरे कर लिए हैं । उनकी पहली फिल्म दीवाना (1992) 25 जून को रिलीज हुई थी और तब से स्टार ने पीछे मुड़कर नहीं देखा । उन्होंने न केवल बड़े पैमाने पर आकर्षक फिल्में कीं, बल्कि अपनी अपरंपरागत पसंद से दर्शकों को आश्चर्यचकित भी किया । ऐसी ही एक फिल्म हे राम (2000) थी । इसे कमल हासन ने निर्देशित किया था और इसमें कमल हासन ने मुख्य भूमिका भी निभाई थी । इस फिल्म में शाहरुख खान भी एक खास रोल में नजर आए थे । मुंबई में हिंदुस्तानी 2 के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर कमल हासन ने शाहरुख खान के बारें में वो बात बताई जिसे सुनकर उनकेफ़ैंस की संख्या और ज्यादा बढ़ना लाजिमी है ।

शाहरुख खान में क्या चेंज नोटिस करते हैं कमल हासन
कमल हासन, जो 28 साल बाद अपनी सुपरहिट फिल्म इंडियन (हिंदी में हिंदुस्तानी) का सीक्वल के साथ थिएटर में आ रहे हैं, से जब इंडियन 2 के ट्रेलर लॉन्च पर पूछा गया कि, उन्होंने, पहले के मुकाबले जवान स्टार में अब क्या कोई चेंज नोटिस किया है ? तो कमल ने जवाब देते हुए कहा, “मैं मिस्टर शाहरुख खान की तरफ से ये बात बोलना चाहता हूं, क्योंकि मुझे यकीन है कि वो मुझे ऐसा करने देंगे । जब हमने साथ काम किया था, तो हम सब बस आम लोग होते थे । हम दोस्त हैं और फैक्ट की बात ये है कि शाहरुख साहब ने वो फिल्म फ्री में की थी ।.आपको और क्या चाहिए ? ये कोई सुपरस्टार नहीं कर सकता । ऐसा एक फैन, आर्ट को सहेज के रखने वाला व्यक्ति और एक अच्छा एक्टर ही कर सकता है । मैं हमेशा उनका बहुत शुक्रगुजार रहूंगा ।”
कमल हासन ने खुद को और शाहरुख को मिले सुपरस्टार के टैग के बारे में बोलते हुए कहा, “हम ये सब नहीं देखते, बाद में आप लोग हमें ये टाइटल देते हैं और हम शर्माते हुए इन्हें स्वीकार कर लेते हैं ।”
हिंदुस्तानी 2 के ट्रेलर लॉन्च में कमल हासन के सह-अभिनेता सिद्धार्थ और निर्देशक शंकर भी मौजूद थे। ब्लॉकबस्टर निर्देशक एटली ने इस कार्यक्रम में आकर सबको चौंका दिया और फ़िल्म को सपोर्ट किया । हिंदुस्तानी 2 सिनेमाघरों में 12 जुलाई, 2024 को रिलीज होगी ।
















