निर्देशक ज़ोया अख्तर ने फ़िल्म गली बॉय में रणवीर सिंह की उपस्थिति की घोषणा भी नहीं की थी लेकिन उससे पहले ही अफवाहों ने तूल पकड़ लिया कि गली बॉय में रणवीर सिंह रैप गाते हुए नज़र आएंगे । लेकिन रणवीर सिंह के लिए रैप करना आसान नहीं था इसके लिए उन्होंने 10 महीने तक कड़ी ट्रेनिंग ली थी ।

गली बॉय में अपनी रैपिंग से दीवाना बना देने वाले रणवीर सिंह के लिए ये आसान नहीं रहा !

रणवीर सिंह की तरह रैप करना नहीं है आसान

बीते दिन रिलीज हुए फ़िल्म के एंथम गीत "अपना टाइम आएगा" में रणवीर की रैपिंग स्किल को काफ़ी पसंद किया जा रहा है, लेकिन खबरों की माने तो फ़िल्म के लिए अपना पहला गीत रिकॉर्ड करने से पहले अभिनेता ने रैपर डिवाइन और नैज़ी से 10 महीने तक ट्रेनिंग ली थी ताकि वह बखूबी इस भूमिका को निभा सके ।

एक सूत्र ने बताया कि रणवीर ने फ़िल्म के चार गानों को आवाज़ दी है, जिसमें डिवाइन और नेजी का हिट रैप "मेरी गली में" का रीक्रिएटेड वर्जन भी शामिल किया गया है । सूत्रों ने बताया, "हालांकि यह सभी गाने आसानी से पेशेवर रैपर्स द्वारा गाए जा सकते थे, लेकिन रणवीर ने सोचा कि अगर गानों को अपनी आवाज में गाएंगे तो वह अपने चरित्र को अधिक प्रामाणिकता दे सकते है । उन्होंने अपने गायन अभ्यास के रूप में 10 महीने तक डिवाइन और नेजी सहित अन्य रैपर्स के साथ प्रशिक्षण किया । दोनों ने उन्हें यह समझाने में मदद की, कि किन शब्दों पर जोर देना है, और कैसे गायन को अधिक प्रभावशाली बनाना है ।"

रैप के जरिए जताया अपना रोष

रणवीर के अनुसार गानों के माध्यम से अपने चरित्र की भावनाओं को व्यक्त करना अत्यावश्यक था । "मैं फ़िल्म में एक शांत किरदार निभा रहा हूं, जो अपने संगीत के जरिये अपना रोष जताता है ।"

रणवीर, फ़िल्म में धारावी की झोपड़ियों में रहने वाले शख़्स की भूमिका में नज़र आएंगे, जबकि आलिया भट्ट उनकी अपरंपरागत लव इंटरेस्ट के किरदार में दिखाई देंगी ।

यह भी देखें : अपना टाइम आएगा (गली बॉय)

यह एक म्युजिकल ड्रामा फ़िल्म है लिहाजा दर्शक बेसब्री से फ़िल्म की रिलीज का इंतज़ार कर रहे है । फिल्म में सिद्धांत चतुर्वेदी और कल्कि कोचलिन भी प्रमुख भूमिकाओं में नज़र आएंगे । एक्सेल एंटरटेनमेंट और टाइगर बेबी द्वारा निर्मित, जोया अख्तर द्वारा निर्देशित गली बॉय 14 फरवरी 2019 को रिलीज होने के लिए तैयार है ।