रीमेक और सीक्वल के इस बढ़ते ट्रेंड में शाहिद कपूर नहीं चाहते कि उनकी किसी कल्ट क्लासिक फ़िल्म का रीमेक बने । बॉलीवुड हंगामा के हैंग आउट में आए शाहिद कपूर ने बताया कि कुछ कल्ट फ़िल्मों को छुना भी नहीं चाहिए । इसके अलावा शाहिद कपूर ने देवा के बाद अपनी नेक्सट फ़िल्म को लेकर भी दिलचस्प जानकारी दी ।

शाहिद कपूर को नहीं पसंद रीमेक्स
बॉलीवुड हंगामा के हैंग आउट में शाहिद से जब रैपिड फ़ायर सेशन के दौरान पुछा गया कि, क्या जब वी मेट फ़िर से बन सकती है ? इसके जवाब में शाहिद ने कहा, “नहीं, खराब मत करो उसे । कुछ चीजों को न छुआ जाए तो ही अच्छा है ।”
इसके अलावा शाहिद से यह भी पूछा गया कि इम्तियाज अली द्वारा निर्देशित एक और जब वी मेट क्यों नहीं बनाई जा रही है, जिस पर अभिनेता ने कहा, “ऐसे लड़के सब मर चुके हैं, नहीं बचे वे।”
इसके अलावा शाहिद ने देवा के बाद विशाल भारद्वाज के साथ फ़िल्म करने के बारें में बताया । शाहिद ने कहा, “देवा के बाद मैं विशाल भारद्वाज के साथ फ़िल्म की शूटिंग करुंगा । यह 90 के दशक में सेट एक गैंगस्टर ड्रामा है लेकिन इसका बेस रोमांटिक लव स्टोरी है । इसमें ढेर सारा एक्शन देखने को मिलेगा । इस फ़िल्म में मेरे साथ तृप्ति डिमरी, रणदीप हुड्डा, नाना पाटेकर, विक्रांत मैसी और फ़रीदा जलाल हैं । मैं इस फ़िल्म के लिए बहुत एक्साइटेड हूं ।”
जल्द ही रिलीज होने वाली देवा के बारें में बात करें तो, मलयालम सिनेमा के मशहूर निर्देशक रॉशन एंड्रूज़ द्वारा निर्देशित और ज़ी स्टूडियोज व रॉय कपूर फिल्म्स द्वारा निर्मित देवा एक जबरदस्त और धमाकेदार एक्शन थ्रिलर है, जो 31 जनवरी 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है । इस फ़िल्म में शाहिद के साथ पूजा हेगड़े फ़ीमेल लीड में नजर आएंगी ।
















