कार्तिक आर्यन एक बार फिर अपनी ब्लॉकबस्टर फ़्रेंचाइज़ी भूल भुलैया के तीसरे पार्ट, भूल भुलैया 3 के साथ दर्शकों को हंसाने के साथ डराने के लिए तैयार हैं । अनीस बज़्मी के निर्देशन में बनी भूल भुलैया 3 में कार्तिक आर्यन एक बार फिर ‘रूह बाबा’ के किरदार में नज़र आने वाले हैं । जबकि इसकी ओरिजनल फ़िल्म भूल भुलैया (2007) में अक्षय कुमार ने दिमाग के डॉक्टर का किरदार अदा किया था जिसे लोगों ने काफ़ी पसंद किया था । जब अनीस बज़्मी से बॉलीवुड हंगामा के साथ हुए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में अक्षय कुमार और कार्तिक आर्यन की कॉमिक टाइमिंग के बारें में पूछा गया तो उन्होंने इस पर अपना दिलचस्प रिएक्शन दिया । साथ ही भूल भुलैया 3 देखने की तीन मुख्य वजह भी बताई ।

अक्षय कुमार या कार्तिक आर्यन ?
बॉलीवुड हंगामा के साथ हुए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में अनीस बज़्मी से जब पूछा गया कि उन्हें सबसे ज्यादा अक्षय कुमार और कार्तिक आर्यन में से किसकी कॉमिक टाइमिंग अच्छी लगती है, तो इसके जवाब में उन्होंने कहा, “दोनों (अक्षय कुमार और कार्तिक आर्यन) ही बहुत अच्छे हैं, और दोनों की अलग-अलग तरह की कॉमिक टाइमिंग है । अक्षय कुमार तो बहुत अच्छी कॉमेडी करते हैं । उनका तो कुछ अजीब ही है, कई मर्तबा तो सीन में कुछ ज्यादा नहीं होता लेकिन वो उसे ऐसा जादू कर देते हैं कि वो हाईलाइट बन जाता है । जो ख़ुशी, डर वो कॉमेडी में लाते हैं वो कमाल का है । अक्षय बहुत अच्छे एक्टर हैं । वहीं कार्तिक भी अच्छा एक्टर है । कार्तिक अपने एक्ट से कभी-कभी सरप्राइज़ कर देता है ।”
इसके अलावा अनीस बज़्मी ने भूल भुलैया 3 देखने की तीन वजह बताई और वो है- एंटरटेनमेंट, एंटरटेनमेंट और एंटरटेनमेंट ।
अनीस बज़्मी द्वारा निर्देशित और भूषण कुमार द्वारा निर्देशित, भूल भुलैया 3 इस 1 नवंबर, 2024 को अपनी ग्रैंड रिलीज़ के लिए तैयार है । इस फ़िल्म में कार्तिक के अलावा विद्या बालन, माधुरी दीक्षित, तृप्ति डिमरी नजर आने वाली हैं। जबकि, सपोर्टिंग कास्ट में विजय राज, राजपाल यादव, संजय मिश्रा, अश्विनी कालसेकर और कई अन्य का नाम शामिल है।
















