
नसीरुद्दीन शाह सभी मुद्दों पर और व्यक्ति विशेष पर बहुत मजबूत राय रखते है । कुछ समय पहले, उन्होंने बॉलीवुड के सबसे बड़े जीते-जागते स्टार अमिताभ बच्चन के लिए कहा था, "उदाहरण के तौर पर, मिस्टर बच्चन काफ़ी प्रतिभाशाली हैं पर वो एक सामग्री बन गए हैं बजाए एक अभिनेता कहलाने के । "
और अब नसीर ने बॉलीवुड के मशहूर सुपरस्टार रह चुके राजेश खन्ना के बारें में ऐसा कुछ कह डाला जिससे हड़कंप मच गया है । नसीर ने फिल्मों के स्तर गिरने के लिए राजेश खन्ना को जिम्मेदार ठहराया, नसीर ने एक इंटरव्यू में कहा कि, वास्तव में, यह 70 का दशक था जब हिंदी फिल्मों का स्तर औसत हो गया था । यह उस समय की बात है जब राजेश खन्ना ने बॉलीवुड में अपना कदम रखा था । वह बहुत सफल हुए, लेकिन मेरे लिए उनका अभिनय काफी सीमित था । वास्तव में वह एक 'कमजोर अभिनेता' थे । मैं जितने लोगों से मिला हूं, उनमें से बौद्धिक तौर पर वह मुझे सबसे कम जागरूक लगे । फिर उनके साधारण अभिनय की छाप पूरे बॉलीवुड पर पड़ गई ।'
इस बात पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए राजेश खन्ना की बेटी ट्विंकल खन्ना ने ट्वीट किया, "सर, आप जिंदा लोगों की इज्जत नहीं कर सकते तो मृत को तो छोड़ दो । नसीरुद्दीन शाह एक ऐसे आदमी पर हमला कर रहे है जो जवाब देने के लिए मौजूद नहीं है ।” इसके बाद करण जौहर ने ट्वीट किया, “मैं तुमसे सहमत हूं ट्विंकल @mrsfunnybones... । नसीर की वरिष्ठता का मैं सम्मान करता हूं । लेकिन इंडस्ट्री के एक सदस्य के बारे में ऐसा बयान अच्छा नहीं था । ”
और अब डिंपल कपाड़िया, राजेश खन्ना की पत्नी, जिन्हें किसी भी तरह के विवाद पर अपनी राय व्यक्त नहीं करने के लिए जाना जाता है, आखिरकार अपने उपेक्षित पति के बारें में दी गई भद्दी टिप्पणी पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है । डिंपल कहती हैं, मैं बस कहना चाहती हूं कि मैं समझती हूं कि सभी को अपनी राय रखने का अधिकार है , व्यक्ति का करियर और काम खुद बोलता है, हिंदी सिनेमा के लिए उनका योगदान क्या रहा है यह मुझे बताने की जरूरत नहीं है । मैं उस बारें में जानती हूं । आप उस बारें में जानते हैं और उनके लाखों प्रशंसक उनकी फ़िल्मों और उनके काम के बारें में जानते हैं ।
दिग्गज राजेश खन्ना पर दी गई टिप्पणी पर बढ़ते आक्रोश और गुस्से को देख नसीरुद्दीन शाह ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की ।
नसीर कहते हैं, मैं उन सभी लोगों से माफ़ी मांगता हूं जो मेरी बात से व्यक्तिगत रूप से आहत हुए हैं लेकिन उनका इरादा राजेश पर हमला करने का नहीं था और वे किसी इंसान के बारे में नहीं बल्कि एक परिदृश्य की बात कर रहे थे ।
















