
इश्क से लेकर प्यार तो होना ही था, में नजर आ चुकी जोड़ी- अजय देवगन-काजोल ने अपनी जबरदस्त कैमिस्ट्री से दर्शकों का खूब दिल जीता । रील लाइफ़ की ये जोड़ी जल्द ही रियल लाइफ़ की जोड़ी में बदल गई । और फ़िर इसके बाद इस जोड़ी को एक साथ पर्दे पर देखना मुश्किल हो गया । लेकिन अब एक खुशखबर ये आ रही है कि अजय देवगन और काजोल की ये जोड़ी जल्द ही धमाल मचाने की तैयारी कर रही है ।
अजय देवगन और काजोल की जोड़ी एक बार फ़िर सिल्वर स्क्रीन पर लौटने की तैयारी कर रही है । ये जोड़ी जल्द ही प्रदीप सरकार की आगामी फ़िल्म में नजर आएगी । हालिया खबरों के अनुसार, ये फ़िल्म सामान्य जीवन की यथार्थता को दर्शाने वाली है, जिसे पहले फ़िल्ममेकर राज सारथी द्दारा बनाया जा रहा था, लेकिन ऐसा हो न सका ।
अजय देवगन ने हाल ही में इस खबर की पुष्टि की है कि प्रदीप सरकार इस फ़िल्म को फ़िर से नए सिरे से निर्देशित करेंगे और काजोल और मैं इस फ़िल्म में लीड रोल में नजर आएंगे । इससे पहले पति-पत्नी की ये जोड़ी अजय देवगन की पहली निर्देशित फ़िल्म टूनपुर का सुपरहीरो में एक साथ नजर आई थी ।
अजय देवगन इन दिनों अपनी आगामी फ़िल्म बादशाहो के प्रमोशन में व्यस्त हैं >मिलन लुथरिया की इस फ़िल्म में अजय देवगन के साथ इमरान हाशमी, विद्युत जामवाल, संजय मिश्रा, इलियाना डिक्रूज और ईशा गुप्ता अहम भूमिका में नजर आएंगी । यह फ़िल्म 1 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी । वहीं दूसरी तरफ़ काजोल, तमिल सिनेमा में एक बार फ़िर से वापसी करते हुए साउथ के सुपरस्टार धनुष के साथ फ़िल्म वीआईपी 2 में नजर आईं ।
















