पिछले कई सालों से अमिताभ बच्चन ने दर्शकों को अपनी आवाज से काफ़ी मनोरंजित किया है और अपने डांस मूव्स, जो कि अब उनके सिग्नेचर मूव्स बन गए है, से भी लोगों को लुभाया । और अब एक बार फ़िर 75 साल की इस उम्र में महानायक अमिताभ बच्चन दिग्गज कॉरियोग्राफ़र प्रभु देवा की धुनों पर थिरकेंगे ।

रविवार के दिन, अमिताभ बच्चन ने खुलासा किया कि एक्टर-फ़िल्ममेकर-कॉरियोग्राफ़र प्रभु देवा ने उनकी एक फ़िल्म के लिए गाना कॉरियोग्राफ़ किया है । हालांकि उन्होंने उस गाने की डिटेल तो नहीं दी लेकिन उन्होंने इसकी हिंट जरूर दे दी । इस बारें में बताते हुए अमिताभ ने लिखा, "75 की उम्र में नाचने को कहा गया और यह किया, जिसका निर्देशन जीनियस प्रभुदेवा ने किया ।"

वाकई ये काबिलेतारिफ़ है कि अमिताभ बच्चन एक साथ दो-दो फ़िल्मों की शूटिंग कर रहे है एक तो ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान और दूसरी 102 नॉट आउट । केवल समय बताएगा कि किस फ़िल्म में अमिताभ बच्चन प्रभु देवा की धुनों पर थिरकते हुए नजर आएंगे ।

फ़िल्म 102 नॉट आउट में अमिताभ बच्चन और ॠषि कपूर अहम भूमिका में नजर आएंगे । उमेश शुक्ला द्दारा निर्देशित यह फ़िल्म एक हिट गुजराती प्ले, 102 नॉट आउट पर बेस्ड है । यह फ़िल्म 102 वर्षीय दत्ताराय़ वखारिया की एक कहानी है जो इस उम्र में भी इच्छाएं रखना और सपने देखना नहीं छोड़ता, वहीं दूसरी तरफ़ 75 वर्षीय उनका एक चिड़चिड़ा बेटा है बाबू जो बहुत चौकस और सनकी है ।