Akshay-Kumar-1

जब पूरा देश नए साल के जश्न में डूबा था उसी बीच, बेंगलुरू में एक ऐसी घटना हुई जिसने सभी को हिला कर रख दिया । आपको बता दें कि बेंगलुरू में नए साल की पूर्व संध्या के मौके पर कुछ पुरुषों ने महिलाओं के साथ कथित तौर पर छेड़खानी और हाथापाई की जिससे पूरा देश स्तब्ध हो गया । 1500 पुलिस अधिकारी, सीसीटीवी कैमरा और कड़ी सुरक्षा के बीच बेंगलुरू में कई सारी महिलाओं के साथ छेड़खानी हुई जिसे सीसीटीवी कैमरे ने कैद किया । आम इंसान से लेकर बॉलीवुड तक हर कोई बेंगलुरू की घटना की कड़े शब्दों में निंदा कर रहे हैं । अभिनेता अक्षय कुमार ने भी बेंगलुरु की घटना पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है ।

अक्षय कुमार ने खुलकर कड़े शब्दों में बेम्गलुरू घटना की निंदा की । अक्षय कुमार ने एक बार फ़िर सेल्फ़ डिफ़ेंस और मार्शल आर्ट के बारें में बोला और यहां तक की अक्षय ने आदित्य ठाकरे के साथ मिलकर महिलाओं को इसका प्रशिक्षण देना भी शुरू कर दिया है । अक्षय का कहना है कि देश में ऐसी किसी भी घटना का होना हमारे लिए बड़े ही दुख और शर्म की बात है और इससे भी शर्म की बात इस घटना पर लोगों के बेतुके बयान है ।

अक्षय कुमार ने ट्विट कर कहा कि, बेंगलुरू की घटना को देखकर मुझे लगता है कि हम पीछे की तरफ जा रहे हैं, मानव से जानवर, नहीं बल्कि जंगली बन रहे हैं क्योंकि जानवर भी हमसे बेहतर हैं। यह बेहद शर्मनाक है । उन्होंने कहा, मुझे आज इंसान होने पर शर्म महसूस हो रही है। मैं अपनी चार साल की बेटी के साथ नये साल की छुट्टियों से लौट रहा था जब मुझे बेंगलुरू में यौन उत्पीड़न की घटनाओं की जानकारी मिली। मुझे नहीं पता कि आप सब को यह कैसा लगा, लेकिन मेरा खून खौलने लगा । अक्षय ने इसके साथ ही महिलाओं से भी अपील की आप लोग ऐसी घटनाओं का जवाब दे, खुद को कमजोर ना समझे, मार्शल आर्ट के जरिये लड़कों को रोका जा सकता हैं ।

गौरतलब है कि 31 दिसंबर की रात बेंगलुरु के एमजी रोड और ब्रिगेड रोड पर नए साल का जश्न मनाया जा रहा था, इसी बीच हजारों लड़कों की भीड़ ने लड़कियों के साथ छेडछाड़ करनी शुरू कर दी । इन मनचलों ने अश्लील हरकतें कीं, भद्दे कमेंट्स किए और ये सब हुआ वहां मौजूद पुलिस के सामने । एक अखबार के रिपोर्टर ने बताया कि उसने खुद देखा कि कई महिलाओं ने पुलिस

के पास जाकर छेड़छाड़ और गंदे कमेंट की शिकायत की, लेकिन पुलिस ने ये कहकर एक्शन नहीं लिया कि इस पर कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई । बेंगलुरू की इस शर्मनाक घटना को लेकर पूरे देश में गुस्सा है ।