Sunil-Grover

तमाम उथल-पुथल और अटकलों के बीच सुनील ग्रोवर अभिनीत फ़िल्म 'कॉफ़ी विद डी' की रिलीज डेट को फ़िल्म के मेकर्स ने कुछ समय के लिए टाल दिया है । पहले यह फ़िल्म 6 जनवरी 2017 को रिलीज होने वाली थी लेकिन फ़िल्म के निर्माता और निर्देशक को अंडरवर्ल्ड से मिल रही जान से मारने की धमकियों के चलते फ़िल्म की रिलीज डेट आगे खिसका दी ।

फ़िल्म की रिलीज डेट को आगे बढ़ाने का अहम कारण अंडरवर्ल्ड से मिल रही धमकियां हैं । हालांकि फ़िल्म के मेकर्स इसका स्पष्ट कारण अभी भी नहीं बता रहे हैं । फ़िल्म के निर्देशक ने कहा कि, "फिल्म की रिलीज अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण आगे बढ़ा दी गई है । हालात बिल्कुल योजनाओं के अनुसार नहीं चल रहे हैं , लेकिन हम आगे अच्छा होने की उम्मीद करते हैं ।”

खबरों की मानें तो अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का खास छोटा शकील प्रोमो को देखकर गुस्से में है । इसी वजह से छोटा शकील ने फिल्म के प्रोड्यूसर विनोद रमानी को प्रोमो और फिल्म से दाऊद पर फिल्माए गए मजाक के सीन्स को काटने की धमकी दी है । उन्होंने कहा है कि या फ़िल्म में से सीन हटाए जाएं नहीं तो वो फ़िल्म रिलीज नहीं होने देंगे । फिल्म के लेखक और निर्देशक विशाल ने एक वेबसाइट को बताया कि हमें छोटा शकील की टीम के लोगों से लगातार धमकी मिल रही है । हमने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है और कॉल की रिकॉर्ड‍िंग्स भी दी हैं । विशाल के मुताबिक, ये कॉल्स उनको दुबई के नंबरों से आ रही हैं ।

आपको बता दें कि इस फिल्म में कॉमेडियन सुनील ग्रोवर एक पत्रकार की भूमिका निभा रहे है, जो दाउद का इंटरव्यू लेना चाहता है, जिसमें वो कामयाब भी हो जाता है । फिल्म में जाकिर हुसैन दाउद का किरदार निभा रहे हैं । गौरतलब है कि इस फ़िल्म को सेंसर बोर्ड ने मामूली कट के साथ पास कर दिया था लेकिन अब ये देखना दिलचस्प होग कि इस फ़िल्म को दर्शक किस तरह लेंगे ।