बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर और साउथ के सुपरस्टार विजय सेतुपति जल्द ही एक साथ अपना डिजीटल डेब्यू करने जा रहे हैं । लोकप्रिय वेब सीरिज द फ़ैमिली मैन की निर्देशक जोड़ी राज एंड डीके एक वेब सीरिज बना रहे हैं जिसका नाम है सनी, इसमें शाहिद कपूर और विजय सेतुपति लीड रोल में नजर आएंगे । अमेजॉन प्राइम वीडियो की ऑरिजनल वेब सीरिज सनी एक एक्शन थ्रिलर है । और अब हमें पता चला है कि शाहिद कपूर और विजय सेतुपति इस वेब सीरिज के लिए मोटी फ़ीस वसूल रहे हैं । लेकिन दिलचस्प बात ये है कि विजय को शाहिद से ज्यादा फ़ीस मिल रही है ।

शाहिद कपूर की फ़ीस विजय सेतुपति से कम
करीबी सूत्र ने हमें बताया, “द फैमिली मैन की सफलता के कारण अमेजॉन ने राज एंड डीके पर विश्वास दिखाया और एक्शन थ्रिलर वेब सीरिज सनी के लिए शाहिद और विजय जैसे दो बड़े स्टार को लाने के लिए सहमत हो गया । अब क्योंकि शाहिद और विजय दोनों ही फ़िल्मी दुनिया में बड़े स्टार हैं इसलिए इनके डिजीटल डेब्यू के लिए अमेजॉन ने अच्छी-खासी रकम चुकाई ।”
सूत्र ने आगे बताया, “शाहिद ने पूरे सीज़न के लिए 40 करोड़ रुपये की मोटी रकम मांगी और उनके कॉन्ट्रेक्ट में उनके पारिश्रमिक में बढ़ोतरी का भी उल्लेख किया गया है यदि शो किसी अन्य सीज़न के लिए नवीनीकृत हो जाता है तो । फ़िलहाल अभी सिर्फ़ तीन सीजन बनाने की योजना है । वहीं विजय की फ़ीस की बात करें तो, विजय के कॉन्ट्रेक्ट में ऐसा कोई क्लॉज नहीं लगाया है, लेकिन उन्होंने सीधे तौर पर लगभग 55 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं । दोनों का रोल इसमें समान स्तर पर अहम है लेकिन क्योंकि विजय साउथ के सुपरस्टार कहे जाते हैं इसलिए अमेजॉन ने उनकी फ़ीस की डिमांड को पूरा किया । शाहिद की तुलना में यकीनन विजय को ज्यादा फ़ीस मिल रही है, लेकिन शाहिद की तरह, उनके कॉन्ट्रेक्ट में सीजन के अनुसार फ़ीस में इजाफ़ा करने की कोई शर्त नहीं है ।”
















