Vidyut Jamwal

अपने बेहतरीन स्टंट्स और एक्शन के लिए जाने जाने वाले बॉलीवुड अभिनेता विद्युत जामवाल जल्द ही अपनी आगामी फ़िल्म कमांडो 2 में हैरतअंगेज स्टंट सीन करते हुए नजर आएंगे । कमांडो 2 के ट्रेलर में दिखाए गए बेहतरीन एक्शन, दिल दहला देने वाले स्टंट्स और क्लासिक गानो की वजह से यह फिल्म रिलीज होने से पहले ही दर्शको में चर्चा का विषय बन गई है । इस फ़िल्म में विद्युत, कमांडो के किरदार में नजर आएंगे । और इसलिए कमांडो की जिंदगी को करीब से समझने के लिए वह असल जिंदगी के कमांडो से मिलने के लिए जोधपुर जा रहे हैं ।

देश की सीमा पर तैनात देश के कमांडो, यानी भारतीय सेना, दिन-रात एक करके हम सब की रक्षा करते हैं और फ़िल्म कमांडो में ऐसा ही किरदार विद्युत जामवाल ने निभाया है । विद्युत जोधपुर के कमांडो कैंप जाकर असल जिंदगी के कमांडो से मिलेंगे । जोधपुर का कमांडो कैंप, जो कि बहुत बड़ी भारतीय सेना की छावनी है, वहां विद्युत वक्त बिताएंगे साथ ही डिफ़ेंस की ट्रेनिंग लेंगे । रियल कमांडो के साथ समय गुजरान वाकई उनके लिए गर्व का पल होगा ।

आपको बता दें कि यह एक एक्शन फ़िल्म है और जिसके लिए विद्युत ने कड़ी मेहनत की है । दिलचस्प बात ये है कि इस फ़िल्म में विद्युत अपने एक्शन सीन खुद कर रहे हैं । इस फ़िल्म में विद्युत जामवाल के अलावा, अदा शर्मा, ईशा गुप्ता और फ्रेडी दारूवाला मुख्य भूमिका निभाती हुईं नजर आएंगी । यह फिल्म देश में छुपे काले धन और उस कालेधन को जड़ से निकलने के लिए काम करने वाली अंडरकवर एजेंसी की कहानी के इर्द-गिर्द घूमती है ।

देवेन भोजानी के निर्देशन में बनी फ़िल्म कमांडो 2 को विपुल अमृतलाल शाह द्दारा प्रोड्यूस किया गया है । विद्युत जामवाल के जबरदस्त एक्शन सीन से भरी यह फिल्म 3 मार्च को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी ।