
सिनेमाघरों में राष्ट्रगान के लिए खड़े होने की प्रथा को अनिवार्य बनाने के लिए दायर की गई एक जनहित याचिका के बाद फ़िल्म शुरू होने से पहले राष्ट्रगान बजने पर खड़े होने के आदेश ने पहले ही काफ़ी तहलका मचा दिया था । और ये आदेश सुप्रीम कोर्ट ने पारित किया कि देश के सभी सिनेमाघरों में फिल्म से पहले राष्ट्रगान चलाना अनिवार्य होगा । इसके अलावा राष्ट्रगान बजने के समय सभी दर्शकों को उसके सम्मान में खड़ा भी होना होगा । कोर्ट ने कहा कि जब राष्ट्रगान बजाया जा रहा हो उस समय पर्दे पर राष्ट्रध्वज दिखाया जाना चाहिए । हालांकि, बाद में सुप्रीम कोर्ट ने एक याचिका पर सुनवाई करते हुए स्पष्ट किया कि राष्ट्रगान किसी फिल्म, डॉक्युमेंट्री या न्यूज़ रील का हिस्सा हो तो दर्शकों को इस दौरान खड़े होने की जरूरत नहीं है ।
विशाल भारद्दाज, जो इन दिनों अपनी आगामी फ़िल्म रंगून, जो एक पीरियड फ़िल्म है, की रिलीज की तैयारियों में जुटे हुए हैं, की फ़िल्म में भी एक देशभक्ति सीन होगा जहां राष्ट्रगान बजेगा । इस मुद्दे पर विशाल ने कहा कि, राष्ट्रगान के दौरान सम्मान में खड़ा होना किसी व्यक्ति की इच्छा पर निर्भर होना चाहिए, न कि उसपर यह थोपा जाए।
विशाल ने आगे कहा कि, 'नैशनल ऐंथम को 1970 के दौर में भी सिनेमाहॉल के अंदर बजाया जाता था लेकिन कुछ वर्षों के लिए यह प्रैक्टिस रोक दी गई थी । अब यह एक बार फिर से शुरू हुआ तो लोगों को थोड़ा अजीब लगता है । मुझे आश्चर्य होता है कि इसको लेकर कुछ लोग अति संवेदनशील होते हैं ! यह वक्त इन सभी बातों से आगे
निकलने का है। राष्ट्रगान बजने के दौरान कोई खड़ा हो या नहीं हो, व्यक्ति विशेष की मर्जी पर बेस्ड होना चाहिए । सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले के बाद भी अगर कोई फिल्म के बीच में राष्ट्रगान के दौरान मर्जी से खड़ा होता है तो यह असली राष्ट्रवाद है । राष्ट्रवाद खुशी-खुशी और मर्जी से आता है । लोगों को चुनाव करने की आजादी होनी चाहिए। यह तो बस शुरुआत है ।' विशाल ने आगे उदाहरण देते हुए कहा कि फिल्म 'दंगल' के दौरान लड़की के मेडल जीतने पर राष्ट्रगान बजा और हर किसी को खड़ा होना पड़ा । मैं भी खड़ा हुआ लेकिन जरा बताइए कि फिल्म के बीच में खड़ा होना कितना सही है ?
विशाल भारद्दाज द्दारा निर्देशित फ़िल्म रंगून में शाहिद कपूर, सैफ़ अली खान और कंगना रानौत मुख्य भू्मिका में नजर आएंगे । द्दितीय विश्व युद्द की पृष्ठभूमि पर बनी इस फ़िल्म में प्रेम त्रिकोण दिखाया जाएगा । यह फ़िल्म 24 फ़रवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















