विकी कौशल इन दिनों अपनी हालिया रिलीज़ फ़िल्म ज़रा हटके ज़रा बचके को मिले शानदार फ़ीडबैक से काफ़ी खुश हैं । भारतीय बॉक्स ऑफिस पर यह फ़िल्म स्लीपर हिट के रूप में उभरी है । ऐसे में विकी कौशल के पास फ़िल्मों को ऑफर्स की बाढ़ सी आ गई है । वहीं फ़ैंस भी ज़्यादा से ज्यादा विकी कौशल को स्क्रीन पर देखना चाहते हैं । इसी बीच हमने सुना है कि विकी की जल्द ही रिलीज होने वाली कॉमेडी ड्रामा फ़िल्म मेरे महबूब मेरे सनम, जो 25 अगस्त को रिलीज होनी थी अब पोस्टपोन हो गई है ।

विकी कौशल की मेरे महबूब मेरे सनम पोस्टपोन हुई
फ़िल्म से जुड़े क़रीबी सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को मेरे महबूब मेरे सनम की रिलीज़ पोस्टपोन होने के बारें में बताया कि, “मेरे महबूब मेरे सनम के पोस्ट प्रोडक्शन में अधिक समय लग रहा है और फ़ाइनल एडिटिंग भी अभी बाकी है । सभी फ़ैक्ट्स को ध्यान में रखते हुए, फिल्म अब अगले साल 2024 में ही रिलीज़ हो पाएगी ।”
सूत्र के अनुसार, फिल्म अक्टूबर तक तैयार हो जाएगी, लेकिन फिर, विकी ने करण से इसे 2024 तक टालने का अनुरोध किया । “विकी नहीं चाहते कि कोई भी फिल्म उनकी महत्वाकांक्षी सैम मानेकशॉ बायोपिक के करीब आए । इसलिए उन्होंने करण से इसे 4 महीने और टालने का अनुरोध किया और करण जौहर भी तुरंत इसके लिए राज़ी हो गए । वे अब 2024 में मेरे महबूब मेरे सनम की एक नई रिलीज़ डेट की तलाश में हैं ।” सूत्र ने आगे बताया ।
मेरे महबूब मेरे सनम में विकी के साथ तृप्ति डिमरी और एमी विर्क मुख्य भूमिका में नज़र आएँगे ।
















