बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता,मशहूर लेखक, नाटककार, एक्टर, एक्टिविस्ट और फिल्म निर्देशक गिरीश कर्नाड का आज सुबह लंबी बीमारी के चलते 81 साल की उम्र में बेंगलुरु में निधन हो गया । बताया जा रहा है कि, मल्टीपल ऑर्गेन के फेल होने की वजह से उनका निधन हुआ । यकीनन गिरीश कर्नाड के निधन से फ़िल्म जगत को एक बड़ी हानि हुई है । उनके निधन से साहित्य और फिल्म जगत के लोग सदमे में हैं ।

गिरीश कर्नाड का निधन: ज्ञानपीठ अवॉर्ड विजेता के निधन पर पीएम मोदी सहित इन सितारों का छलका दर्द

लंबी बीमारी के चलते हुए गिरीश कर्नाड का निधन

लंबे समय से बीमार चल रहे कर्नाड के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी शोक जताया है । आपको बता दें कि गिरीश, सलमान खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म एक था टाइगर और टाइगर जिंदा है में एक खास रोल में नजर आए थे । दर्शकों ने उनके रोल को काफ़ी पसंद किया था ।

19 मई 1938 को महाराष्ट्र के माथेरान में जन्मे गिरिश को भारत के जाने-माने समकालीन लेखक, अभिनेता, फिल्म निर्देशक और नाटककार के तौर पर पहचाना जाता था । कर्नाड ने बॉलीवुड के साथ साउथ की तमाम फिल्मों में अभिनय किया है । फ़िल्मों के अलावा उन्होंने टीवी के लिए मालगुडी डेज जैसे क्लासिक सीरियल में भी काम किया ।

साल 1998 में गिरीश को साहित्य के सर्वोच्च ज्ञानपीठ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था । उनके निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है । ट्विटर पर पीएम मोदी सहित तमाम बॉलीवुड सितारों ने अपना दुख प्रकट किया ।

हम बॉलीवुड हंगामा हिंदी पर ऐसे अद्भुत प्रतिभा के धनी गिरिश के निधन पर भगवान से उनकी आत्मा की शांती की प्रार्थना करते है ।