करण जौहर के स्टूडेंट बनकर बॉलीवुड में कदम रखने वाले वरुण धवन एक बार फ़िर अपनी नई दुल्हनिया की तलाश में निकलने वाले हैं । हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया और बद्रीनाथ की दुल्हनिया से दर्शकों का दिल जीतने वाले वरुण धवन 2024 में फ़िर से दुल्हा बनने की तैयारी कर रहे हैं । हमारे विश्वस्त सूत्रों से पता चला है कि, वरुण धवन दुल्हनिया फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त के लिए निर्देशक शशांक खेतान के साथ फिर से जुड़ने के लिए तैयार हैं । यानि वरुण धवन जल्द ही दुल्हनिया फ्रेंचाइजी की अगली फ़िल्म में एक नई दुल्हनिया के साथ नजर आएंगे ।

वरुण धवन फ़िर से बनेंगे दुल्हा
“वरुण, शशांक और करण जौहर ने दुल्हनिया 3 के लिए कई विचारों पर चर्चा की है और आखिरकार एक पर फैसला कर लिया है । फिल्म 2024 के अंत में फ्लोर पर जाने के लिए पूरी तरह तैयार है और निर्माताओं ने वरुण की दुल्हनिया का किरदार निभाने के लिए एक नई अभिनेत्री की तलाश शुरू कर दी है । करण और वरुण नई दुल्हनिया के साथ बॉलीवुड में एक नया चेहरा लॉन्च करने की प्लानिंग कर रहे हैं ।” एक सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को एक्सक्लूसिवली बताया ।
दुल्हनिया फ्रैंचाइज़ी वरुण और आलिया भट्ट का पर्याय है, लेकिन इस बार, फ्रैंचाइज़ी को एक नई अभिनेत्री के साथ नया रूप मिलने की तैयारी है। सूत्र ने हमें आगे बताया, “फिल्म 2024 के अंत तक फ्लोर पर जाएगी तब तक वरुण अपने पिता डेविड धवन की रमेश तौरानी द्वारा निर्मित अगली फिल्म की शूटिंग पूरी कर लेंगे ।”
वहीं डेविड धवन और वरुण की कॉमेडी फिल्म मार्च में फ्लोर पर जाएगी, जबकि दुल्हनिया फिल्म साल के अंत तक शुरू होगी । सूत्र ने हमें बताया, “करण अपने स्टूडेंट के साथ दुल्हनिया ट्राइलॉजी को पूरा करने के लिए भी बहुत उत्साहित हैं ।”
















