varun-Ranveer

रणवीर सिंह ने कई बार अपनी पसंदीदा फिल्म निर्माता जोया अख्तर के लिए अपना स्नेह व्यक्त किया है । रणवीर सिंह और जोया ने फ़ैमिली ड्रामा फ़िल्म दिल धड़कने दो में साथ काम किया था । और फ़िर सुनने में आया कि जोया और रणवीर एक बार फ़िर अगली फ़िल्म के लिए साथ आ रहे हैं । लेकिन अब हमने सुना है कि जोया अख्तर की आगामी फ़िल्म में रणवीर सिंह की जगह वरुण धवन नजर आ सकते हैं ।

जोया अख्तर की फ़िल्म से रणवीर सिंह के बाहर होने की वजह उनके पास लगी फ़िल्मों की लंबी कतार है । ऐसा लगता है कि पुरस्कार विजेता अभिनेता रणवीर सिंह, जो इन दिनों भंसाली की आगामी ऐतिहासिक पीरियड ड्रामा फ़िल्म रानी पद्मावती की शूटिंग में व्यस्त हैं, ने पहले से ही शिमित अमीन द्वारा निर्देशित रोमांटिक फिल्म के लिए यशराज फ़िल्म्स को अपनी डेट्स दे रखी है । वहीं दूसरी तरफ़, उसी दौरान जोया अख्तर की आगामी फ़िल्म की शूटिंग शुरू होगी और इसलिए डेट्स के टकराव की वजह से रणवीर ने जोया की फ़िल्म से बाहर होने का फ़ैसला किया ।

वरुण धवन, जो संभवत रणवीर सिंह की जगह लेंगे, जोया की म्यूजिकल फ़िल्म में रैपर की भूमिका निभाएंगे । यह फ़िल्म असल जिंदगी में मुंबई की चॉल से निकले रैपर्स डिवाइन (विवियन फर्नांडीज) और नेज़ी (नावेद शेख) की जिंदगी को पर्दे पर उकेरेगी । जोया की इस फ़िल्म नाम फ़िलहाल तौर पर 'गुल्ली ब्वॉय' रखा गया है । यह भी सुनने में आया है कि जोया, रीमा कागती के साथ इस फ़िल्म की स्क्रिप्ट लिख रही हैं और इस फ़िल्म के गीत गुलजार द्दारा लिखे जाएंगे ।