सुदीप्तो सेन निर्देशित अदा शर्मा स्टारर विपुल शाह द्वारा निर्मित द केरल स्टोरी बॉक्स ऑफ़िस पर अच्छा परफ़ॉर्म कर रही है । लेकिन फ़िल्म को लेकर विवाद कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं । फ़िल्म पर रोक लगाने की अपील की जा रही है । वहीं सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में फिल्म द केरल स्टोरी से बैन हटा लिया है । सुप्रीम कोर्ट ने महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा कि मुट्ठीभर लोग पाबंदी को तय नहीं कर सकते हैं। बैन हटाते हुए सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि अगर किसी को फिल्म पसंद नहीं है तो वह न देखें । कोर्ट ने द केरल स्टोरी के प्रोड्यूसर से 20 मई को शाम पांच बजे तक फिल्म में 32,000 महिलाओं के इस्लाम में धर्मांतरण के आरोपों पर ‘डिस्क्लेमर’ लगाने को कहा है । कोर्ट ने निर्माता को ये आदेश भी दिया है कि डिस्क्लेमर दें कि ये फिल्म फिक्शन पर है ।

डिस्क्लेमर्स के साथ अब पश्चिम बंगाल में भी रिलीज होगी फिल्म द केरल स्टोरी, सुप्रीम कोर्ट ने कहा- ‘जिन्हें पसंद नहीं वो न देखें फिल्म’

अब पश्चिम बंगाल में रिलीज होगी फिल्म द केरल स्टोरी

भारत के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि अदालत पश्चिम बंगाल सरकार के आठ मई के उस आदेश पर रोक लगा रही है, जिसमें फिल्म द केरला स्टोरी को बैन किया गया था । सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु को भी द केरला स्टोरी की सुरक्षित स्क्रीनिंग के लिए सिनेमा हॉल को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया. साथ ही कहा कि राज्य प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से फिल्म की स्क्रीनिंग को नहीं रोकेगा । सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में द केरल स्टोरी के प्रदर्शन पर प्रदेश सरकार की ओर से लगाए गए बैन को गुरुवार को हुई सुनवाई के दौरान हटाने का आदेश दिया। कोर्ट ने साथ ही कहा कि फिल्म को मिले प्रमाण-पत्र को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर निर्णय के लिए कार्यवाही से पहले वह द केरल स्टोरी देखना चाहेगा ।

बैन हटाते हुए सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा, 'अभिव्यक्ति की आजादी का मूल अधिकार लोगों की भावना का मोहताज नहीं है । मुट्ठी भर लोग पाबंदी को तय नहीं कर सकते । अगर किसी को फिल्म पसंद नहीं है तो वह न देखें, पर कानून-व्यवस्था बनाए रखना राज्य का दायित्व है । राज्य सरकार का बैन गैरवाजिब है ।'

बता दें कि द केरल स्टोरी के टीजर में ये दावा किया गया था कि केरल में 32 हजार महिलाओं का धर्म परिवर्तन किया गया और उन्हें ISIS जैसे आतंकी संगठन में भर्ती किया गया । उसी को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने डिस्क्लेमर लगाने के आदेश दिए हैं ।

द केरल स्टोरी बॉक्स ऑफ़िस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं और अब कुल 164.59 करोड रु की कमाई कर चुकी है ।