केरल की लड़कियों को धार्मिक झांसे में लेकर ISIS जैसे भयानक आतंकी संगठन से जोड़ने की कहानी को दर्शाती अदा शर्मा स्टारर फ़िल्म द केरल स्टोरी इन दिनों सबसे ज्यादा सुर्ख़ियाँ बटोर रही है । बड़े विवादों और बैन करने की मांगों के बीच रिलीज हुई सुदिप्तो सेन की फिल्म द केरल स्टोरी फ़ाइनली 5 मई को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो गई । रिलीज के साथ ही फ़िल्म को थिएटर्स में जमकर ऑडियंस मिल रही है । द केरल स्टोरी ने जहां अपने पहले दिन की कमाई से सभी को हैरान कर दिया वहीं अब फ़र्स्ट वीकेंड की कमाई ने तो इतिहास ही रच दिया है ।

द केरल स्टोरी की बंपर कमाई
छोटे बजट और बहुत कम पॉपुलर स्टारकास्ट वाली विपुल अमृतलाल शाह के प्रोडक्शन हाउस में बनी द केरल स्टोरी बॉक्स ऑफिस पर ज़बरदस्त कमाई कर रही है । ओपनिंग डे पर जहां फ़िल्म ने कुल 8.03 करोड़ रू की कमाई की वहीं अपने फ़र्स्ट वीकेंड फ़िल्म की कमाई में ज़बरदस्त इज़ाफ़ा हुआ और फ़िल्म महज़ 3 दिनों में कुल 35.25 करोड़ रू की कमाई कराने में कामयाब हुई ।
फ़िल्म की इसी सफलता को देखते हुए अब मेकर्स ने इसे विदेश में भी रिलीज़ करने का फ़ैसला किया है ।रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म इसी हफ्ते यूनाइटेड किंगडम और फ्रांस में रिलीज होगी । द केरल स्टोरी 12 मई को यूके और फ्रांस में रिलीज़ होगी । हालाँकि, रिलीज़ के बाद भी फ़िल्म को भारत में बड़े विरोध का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि कुछ दक्षिणी क्षेत्रों ने फिल्म की स्क्रीनिंग का बहिष्कार करने का फैसला किया है ।
केरल और तमिलनाडु कोर्ट फिल्म के खिलाफ याचिकाओं पर सुनवाई कर रही हैं, क्योंकि कई लोगों ने इसके झूठे चित्रण के लिए इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है । उनमें से कई ने यह भी दावा किया है कि फिल्म सांप्रदायिक नफरत फैलाने का काम कर रही है । हालांकि अदालतों ने फिल्म के खिलाफ इन दलीलों और आरोपों को खारिज कर दिया है, हाल ही में यह बताया गया कि थिएटर मालिकों ने स्क्रीनिंग आयोजित करने से इनकार कर दिया है और यहां तक कि इसे लिस्टिंग से हटा दिया है ।
वहीं तमिलनाडु में थियेटर्स ने 7 मई से फिल्म द केरल स्टोरी की स्क्रीनिंग नहीं करने का फैसला लिया था । हालांकि, इस फैसले के लिए फिल्म पर कोई प्रतिबंध नहीं था । थियेटर एसोसिएशन ने कहा कि फिल्म के खराब प्रदर्शन और विरोध को देखते हुए इसे आगे न दिखाने का फैसला किया गया ।
















