साल 2001 में आई सनी देओल की फ़िल्म गदर एक प्रेम कथा ने बॉक्स ऑफिस पारा अपनी सफलता से इतिहास रच दिया था । और अब पूरे 22 साल बाद इस फ़िल्म का सीक्वल आ रहा है, गदर 2 । अनिल शर्मा के निर्देशन में बनी गदर 2 में एक बार फिर सनी देओल, अमीषा पटेल और उत्कर्ष शर्मा अपने-अपने किरदार में नज़र आएंगे । गदर 2 इसी साल स्वतंत्रता दिवस के दौरान 11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है । लेकिन जब से शाहरुख खान की जवान अपनी तय रिलीज़ डेट, जो की पहले 2 जून थी से पोस्टपोन होकर 7 सितंबर हो गई है, क़यास लगाए जा रहे हैं सनी देओल की गदर 2 की रिलीज डेट में भी बदलाव हो सकता है लेकिन अब फ़िल्म के निर्देशक अनिल शर्मा ने इन अटकलों पर विराम लगा दिया है ।

सनी देओल स्टारर गदर 2 की रिलीज डेट में कोई बदलाव नहीं ; डायरेक्टर अनिल शर्मा ने क्लीयर करते हुए कहा, “जो भी फ़िल्म इस दिन आना चाहती है आए, हम 11 अगस्त को रिलीज कर रहे हैं ये पक्का है”

सनी देओल की गदर 2 में कोई बदलाव नहीं

पिंकविला को दिए एक इंटरव्यू में, अनिल शर्मा ने कहा, “गदर 2 लोगों की फिल्म है और लोगों की भावना है, इसलिए हम 11 अगस्त को आ रहे हैं क्योंकि लोग इसे चाहते हैं । यह कोई फिल्म नहीं है, यह एक इमोशन  है। इसलिए, हम बिल्कुल भी शिफ्ट नहीं हो रहे हैं । हम पोस्ट-प्रोडक्शन में व्यस्त हैं और 11 अगस्त को फ़िल्म रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं । हम नहीं जानते कि उस दिन और कौन सी फिल्म आ रही है । जो आ रही है, उसे आने दीजिए अगर कोई आता है तो । हमारी फ़िल्म 11 अगस्त की रिलीज हो रही है ये पक्का है ।”

गदर 2 में तारा सिंह और उनकी पत्नी सकीना की कहानी आगे बढ़ेगी । दिलचस्प बात यह है कि उनके बेटे की भूमिका एक बार फिर उत्कर्ष शर्मा ने निभाई है, जिन्होंने दो दशक पहले प्रीक्वल में वही भूमिका निभाई थी । ज़ी स्टूडियोज के सहयोग से बनी गदर 2 अनिल शर्मा द्वारा निर्देशित की गई है । 11 अगस्त को गदर 2 का बॉक्स ऑफिस मुक़ाबला रणबीर कपूर, बॉबी देओल, रश्मिका मंदाना स्टारर एनिमल के साथ होगा ।