
खबरों का बाजार गर्म है कि हिंदी फ़िल्म इंडस्ट्री का प्रतिष्ठित परिवार, बच्चन परिवार अब एक साथ एक फ़िल्म में नजर आने वाला है । जी हां, ये खबर तेजी से फ़ैल रही है कि अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, और बच्चन खानदान की बहू ऐश्वर्या राय बच्चन बहुत जल्द एक फ़िल्म में साथ नजर आएंगे । और तीनों को एक फ़िल्म में लाने का काम कर रहे हैं फ़िल्ममेकर अनुराग कश्यप । दर असल, अनुराग कश्य्प एक फ़िल्म बना रहे हैं जिसका नाम है गुलाब जामुन, जिसमें इन तीनों बच्चन को लेने का फ़ैसला किया गया है । खबरें तो ये भी आ रही हैं कि तीनों को फ़िल्म की स्क्रिप्ट भी काफ़ी पसंद आई है ।
बहरहाल, सुनने में आया है कि, इन तीनों बच्चन के अलावा फ़िल्म में जया बच्चन भी नजर आएंगी, क्योंकि उन्हें भी फ़िल्म की स्क्रिप्ट काफ़ी पसंद आई । गुलाब जामुन को अनुराग कश्यप द्दारा प्रोड्यूस किया जाएगा जिसे एक नवोदित निर्देशक निर्देशित करेंगे । हालांकि पूरे बच्चन खानदान को फ़िल्म की स्क्रिप्ट काफ़ी पसंद आई है लेकिन फ़िल्म पर काम कब शुरू होगा, ये कहना अभी बाकी है ।
यदि सब कुछ ठीक रहा तो आगामी फ़िल्म गुलाब जामुन वो पहली फ़िल्म होगी जो पूरे बच्चन परिवार को एक साथ एक स्क्रीन पर लेकर आएगी ।
















