तनुश्री दत्ता, जिन्होंने नाना पाटेकर पर फ़िल्म हॉर्न ओके प्लीज के सेट पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाकर भारत में #MeToo आंदोलन की शुरुआत की थी, एक बार फिर चौंकाने वाले आरोपों के साथ सामने आई हैं । तनुश्री दत्ता ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें वह फूट-फूट कर रोती हुई दिखाई दे रही हैं और दावा कर रही हैं कि उन्हें अपने ही घर में परेशान किया जा रहा है । इस वीडियो को पोस्ट कर तनुश्री ने कैप्शन में लिखा है- “मैं इस उत्पीड़न से तंग आ चुकी हूं!! यह 2018 से चल रहा है #metoo आज तंग आकर मैंने पुलिस को बुलाया है । कृपया कोई मेरी मदद करे ।”

अपने ही घर में उत्पीड़न का शिकार हो रही तनुश्री दत्ता
तनुश्री दत्ता ने वीडियो पोस्ट कर रोते हुए मदद की गुहार लगाई है और यह भी कहा है कि, देर होने से पहले उनकी मदद की जाए । वीडियो में तनुश्री ने कहा, “दोस्तों मुझे मेरे ही घर में हैरेस किया जा रहा है । मैंने अभी पुलिस को कॉल किया है । परेशान होकर मैंने पुलिस को कॉल किया पुलिस आई । उन्होंने मुझे पुलिस स्टेशन आकर शिकायत करने को कहा है। मैं कल या परसों शिकायत करूंगी । मैं ठीक नहीं हूं । मुझे इतना परेशान किया गया है चार-पांच सालों में कि मेरी तबीयत खराब हो गई है । मैं कोई काम नहीं कर पा रही हूं, मेरा घर बिखरा पड़ा हुआ है । मैं घर में नौकरानी नहीं रख पा रही हूं। नौकरानी के साथ मेरा बुरा एक्सपीरियंस रहा है। वो घर आकर चोरी करती हैं। मुझे पूरा काम करना पड़ रहा है । मेरे दरवाजे के बाहर आकर लोग (इतना कहते ही तनुश्री रो पड़ती हैं)।”
इसके बाद आगे तनुश्री ने कहा, “मुझे मेरे घर में परेशान किया जा रहा है, प्लीज कोई मेरी मदद करो ।”
इस पोस्ट के अलावा भी तनुश्री ने बैकग्राउंड में आसपास के शोर के साथ एक और वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें किसी मशीन के चलने की आवाजें आ रही हैं। इस वीडियो के साथ एक्ट्रेस ने लिखा है, “मैंने भी 2020 से लगभग हर दिन अजीब समय पर अपनी छत के ऊपर और अपने दरवाजे के बाहर इस तरह की तेज आवाजों और अन्य बहुत तेज धमाकेदार आवाजों का सामना किया है । मैं बिल्डिंग प्रबंधन से शिकायत करते-करते थक गई हूं और कुछ साल पहले हार मान ली है । अब मैं बस इसके साथ रहती हूं और अपने मन को विचलित करने और अपनी समझदारी बनाए रखने के लिए हिंदू मंत्रों वाले हेडफोन लगाती हूं। आज मैं बहुत अस्वस्थ थी, जैसा कि आप लोग जानते हैं कि पिछले 5 सालों से लगातार तनाव और चिंता से निपटने के कारण मुझे क्रोनिक फटीग (थकान) सिंड्रोम हो गया है। सोचिए, कल मैंने पोस्ट किया था और आज यह। अब समझ जाओ सब लोग कि मैं किससे निपट रही हूं। और भी बहुत कुछ है जो एफआईआर में मेंशन करूंगी ।”
View this post on InstagramA post shared by Tanushree Dutta Miss India Universe (@iamtanushreeduttaofficial)
वीडियो देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि तनुश्री दत्ता अपने पड़ोसियों और उनके घरों से आने वाले शोर से परेशान हैं।
















