सीबीआई, ईडी और एनसीपी मिलकर सुशांत सिंह राजपूत का केस सुलझाने में जुटी हुई हैं लेकिन अब तक की जांच में कुछ भी पुख्ता निकलकर सामने नहीं आया है । हालांकि सीबीआई को सुशांत केस में मर्डर के सबूत नहीं मिले हैं लेकिन फ़िर भी जांच जारी है । वहीं दूसरी तरफ़ सुशांत केस में आरोप-प्रत्यारोपों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है । जहां एक तरफ़ सुशांत की फ़ैमिली रिया चक्रवर्ती पर गंभीर आरोप लगा चुकी है वहीं रिया भी सुशांत की फ़ैमिली पर कई तरह के आरोप लगा चुकी है । इन सबके बीच आज सुशांत सिंह राजपूत मामले में उनकी बहनों का बयान सामने आया है ।

सुशांत सिंह राजपूत की फ़ैमिली ने रखा अपना पक्ष
सुशांत की तीन बहनों नीतू, मीतू और प्रियंका ने ये माना है कि सुशांत लॉकडाउन में अच्छा महसूस नहीं कर रहे थे । तीनों बहनों ने पुलिस को बताया है कि सुशांत ने साल 2013 में साइकेट्रिस्ट को दिखाया था । सुशांत की बहन मीतू सिंह ने इस बात का खुलासा भी किया है कि सुशांत की मौत के दिन 14 जून को क्या हुआ था । वहीं सुशांत की फ़ैमिली के वकील विकास सिंह ने शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिसमें उन्होंने केस से जुड़े तमाम पहलुओं पर बात की और मीडिया से गुजारिश की कि सुशांत के परिवार को जनता के बीच गलत तरीके से ना पेश किया जाए । उन्होंने कहा कि कुछ लोग परिवार पर पूरी तरह से झूठे आरोप लगा रहे हैं ।
परिवार का पक्ष सामने आना चाहिए
विकास सिंह ने कहा, “सुशांत के केस और उनकी फैमिली के बारे में कुछ चैनल्स कैंपेन चला रहे हैं और गलत अफवाहें फैलाई जा रही हैं । मुझे लगता है कि इन चीजों पर परिवार का पक्ष सामने आना चाहिए । ऐसी खबरें आईं कि सुशांत Anxiety के लिए दवाइयां लेते थे और इस बारे में परिवार को जानकारी थी, फिर भी उन्होंने उन्हें नहीं रोका। इस बात में पूरी तरह से सच्चाई नहीं है ।”
सुशांत की मानसिक स्थिति 2019 तक बिल्कुल ठीक थी
सिंह ने आगे कहा, “सुशांत के पिता ने जो एफआईआर दर्ज कराई है, उसमें साफ लिखा है कि सुशांत की मानसिक स्थिति 2019 तक बिल्कुल ठीक थी । जो प्रिस्क्रिप्शन फैमिली के साथ शेयर किया गया था, उसमें किसी बड़ी बीमारी का जिक्र नहीं था । जब 8 जून को सुशांत बहुत घबराए थे तो उन्होंने बहन को फोन किया जो शुरू से उनके साथ थीं ।”
नहीं थी सुशांत की लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी
“कुछ चैनल्स बता रहे हैं कि सुशांत की लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी थी और चूंकि सूइसाइड होने के कारण उनकी फैमिली को पैसा नहीं मिलता, ऐसे में केस को मर्डर का रूप दे दिया गया । मैं साफ करना चाहता हूं कि सुशांत की कोई लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी नहीं थी । यह आरोपी को बचाने का सिर्फ एक तरीका है ।”
मीडिया एविडेंस को कम से कम डिस्कस करें
विकास सिंह ने आगे कहा, “परिवार को भी शक है कि यह मर्डर हो सकता है । हमें उम्मीद है कि सीबीआई सच का पता लगाएगी । परिवार को इंतजार है कि सुशांत के साथ न्याय होगा । हमें सीबीआई, ईडी, एनसीबी जैसी सभी एजेंसियों पर पूरा भरोसा है । मैं मीडिया से यही गुजारिश करूंगा कि एविडेंस को कम से कम डिस्कस करें और सिर्फ केस से जुड़ी सार्थक चर्चा करें ।”
नहीं बनेगी सुशांत पर कोई भी फिल्म या सीरियल
के के सिंह के वकील ने आगे बताया, “सुशांत के पिता और बहनों ने निर्णय लिया है कि सुशांत पर कोई भी फिल्म या सीरियल परिवार की सहमति के बगैर नहीं बन सकता है । अगर सहमति नहीं ली जाती है तो ऐसे लोगों के खिलाफ जरूरी ऐक्शन लिया जाएगा ।”
सुशांत की बहनें खुद्दार हैं
सुशांत की बहनों पर लग रहे आरोपों और रिया के साथ उनके संबंधों पर भी विकास सिंह ने जवाब दिया । उन्होंने कहा, “मैं बताना चाहता हूं कि सुशांत की बहनें खुद्दार हैं । एक बार बहनों को सुशांत से मिलने आना था तो उनका टिकट सुशांत ने ही कराया था । रिया इस चीज से खुश नहीं थी । जब यह बात सुशांत की बहनों को पता चली तो उन्होंने सुशांत का कराया टिकट कैंसल कर दिया और खुद से टिकट कराकर वे सुशांत से मिलने आईं।”
















