टीवी से बॉलीवुड अभिनेता बने सुशांत सिंह राजपूत ने मनोरंजन जगत में अपनी पहचान खुद बनाई । हिंदी सिनेमा को कई बेहतरीन फ़िल्में देने वाले सुशांत सिह राजपूत ने कल यानी 14 जून को अपने मुंबई स्थित घर में फ़ांसी लगाकर आत्महत्या कर ली । पिछले कुछ महीनों से डिप्रेशन से जूझ रहे सुशांत की मौत ने हर किसी को गहरा सदमा दे दिया है । सुशांत सिंह की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट भी आ गई है जिसमें आत्महत्या की पुष्टि की गई है ।

सुशांत सिंह राजपूत की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा, फांसी के कारण दम घुटने से हुआ अभिनेता का निधन

फ़ांसी के कारण दम घुटने से हुई सुशांत सिंह राजपूत की मौत

रविवार की सुशांत का शव उनके घर के बेडरूम से मिला । जिसके बाद उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंबई के कूपर अस्पताल भेजा गया । शुरुआती पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, सुशांत की मौत फांसी के चलते दम घुटने से हुई है । शुरुआती रिपोर्ट में किसी प्रकार के जहर या मौत का अन्य कोई कारण नहीं बताया गया है । हालांकि, सुशांत के शव का विसरा सुरक्षित रख लिया गया है, जिसकी फॉरेंसिक जांच की जाएगी ।

हालांकि उनके परिवार जनों और जानने वालों का कहना है कि वो खुदकुशी नहीं कर सकते हैं, उनकी हत्या की गई है । उनकी मौत की सीबीआई जांच की भी मांग की जा रही है । मुंबई के कूपर अस्पताल ने सुशांत के पोस्टमॉर्टम की एडवांस रिपोर्ट पुलिस को सौंपी है, जिसके मुताबिक, मौत की वजह फांसी पर लटकने की वजह से दम का घुटना ही बताया गया है । आज अभिनेता का अंतिम संस्कार किया जाएगा ।

यह भी पढ़ें : सुशांत सिंह राजपूत के वो अधूरे सपने जिन्हें वह पूरा करना चाहते थे, ड्रीम लिस्ट पढ़कर फ़ैंस की आंखे भी हुई नम

गौरतलब है कि सुशांत की आखिरी पोस्ट अपनी मां को समर्पित थी जिनकी 2002 में देहांत हो गया था । वह अपनी मां को बहुत मिस किया करते थे । अपनी मां की तस्वीर के साथ गत तीन जून को इंस्टाग्राम पर साझा की गई पोस्ट में सुशांत ने लिखा था, "आंसुओं से वाष्पित धुंधला अतीत । खत्म न होने वाले सपने मुस्कुराहट का एक हिस्सा उकेर रहे हैं । और एक क्षणभंगुर जीवन, दोनों के बीच सामंजस्य बनाता हुआ ।"

यह भी पढ़ें : सुशांत सिंह राजपूत की डेड बॉडी की तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों को महाराष्ट्र साइबर सेल ने दी वॉर्निंग