सुशांत सिंह राजपूत की मौत आखिर कैसे हुई इसका जवाब सीबीआई, ईडी और एनसीबी जैसी दिग्गज एजेंसियां ढूंढने में लगी हैं । लेकिन हर दिन होते खुलासे इस केस को और पेचीदा बना रहे हैं । वहीं हर कोई चाहता है कि जल्द से जल्द पता चले कि सुशांत सिंह राजपूत के निधन की क्या वजह थी । सुशांत सिंह राजपूत केस में सीबीआई जांच का अहम हिस्सा बनी एम्स की फॉरेंसिक टीम इसकी जांच करने में जुटी हुई है । एम्स की फॉरेंसिक टीम ने सुशांत की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, विसरा जांच करने का फैसला किया है। इसमें 10 दिनों का वक्त लगेगा । यानी 10 दिनों बाद 17 सिंतबर को यह साफ हो जाएगा कि सुशांत की मौत आखिर कैसे हुई थी ।

सुशांत सिंह राजपूत की विसरा जांच रिपोर्ट में 10 दिनों का वक्त लगेगा
सीबीआई ने सुशांत की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को अपने तरीके से जांच करवाई है जिसके लिए सीबीआई ने AIIMS के डॉक्टरों की एक टीम बनाई है । इस टीम में AIIMS के चार डॉक्टर शामिल हैं । डॉक्टरों की ये टीम सुशांत के पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, विसरा की जांच करेगी और इस पर अपनी राय देगी । इस टीम का नेतृत्व डॉ सुधीर गुप्ता कर रहे हैं । इस केस की जांच के लिए बने मेडिकल बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सुधीर गुप्ता ने आज एक बयान जारी किया जिसमें उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक बोर्ड सुशांत की विसरा जांच दोबारा करने वाली है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनकी मौत जहर के कारण तो नहीं हुई है । 17 सितंबर को बोर्ड की बैठक होने वाली है और तब इसकी जांच रिपोर्ट भी आ जाएगी ।
बता दें कि, विसरा जांच के लिए मृतक के पेट के भीतर से सैंपल लिया जाता है । इसमें जांच की जाती है कि मामला जहरीले पदार्थ से जुड़ा हुआ तो नहीं है । एम्स की फॉरेंसिक टीम यही पता लगाने में जुटी है ।
मेडिकल बोर्ड की अगली मीटिंग 17 सितंबर को होगी
एम्स की फॉरेंसिक टीम विसरा की जांच दोबरा इसलिए करना चाहती है कि उसे सुशांत को जहर दिए जाने को लेकर शंका है । AIIMS के फॉरेंसिक डिपार्टमेंट के हेड और सुशांत केस के लिए गठित मेडिकल बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सुधीर गुप्ता ने बताया कि जांच दस दिन के अंदर की जाएगी और रिपोर्ट भी आ जाएगी । इस मामले में मेडिकल बोर्ड की अगली मीटिंग 17 सितंबर को होगी । इसमें कूपर अस्पताल के डॉक्टरों से बातचीत की रिपोर्ट भी चर्चा होगी । इससे पहले सुशांत की मुंबई में जो विसरा जांच हुई, उसकी रिपोर्ट के मुताबिक ऐक्टर के शरीर में कोई जहरीला पदार्थ नहीं पाया गया । रिपोर्ट ने पोस्टमॉर्टम के रिपोर्ट की तस्दीक की, जिसमें कहा गया कि सुशांत की मौत लटकने के कारण दम घुटने से हुई थी ।
यह भी पढ़ें : सुशांत सिंह राजपूत केस में सीबीआई को अभी तक नहीं मिला मर्डर का सबूत, अब फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी CBI की जांच
बता दें कि 14 जून को सुशांत ने अपने घर में फ़ांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी । इसके बाद सुशांत के शव को मुंबई के कूपर अस्पताल ले जाया गया जहां पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तैयार की गई । लेकिन इस रिपोर्ट में कई खामियां बताई गई जैसे सुशांत की मौत किस वक्त हुई रिपोर्ट में वो टाइम नहीं दिया है । इसी तरह कई एक्सपर्ट्स का मानना है कि हैंगिंग में जिस तरह से आंखें और जीभ बाहर आती है, सुशांत में वो कुछ नहीं दिखा था । वहीं सुशांत की ऑटोप्सी रिपोर्ट में सुशांत के गले पर लिगेचर मार्क होने का भी जिक्र किया गया । इसलिए इन सभी सवालों को जानने के लिए सीबीआई ने एम्स की फॉरेंसिक टीम को इस केस से जोड़ा । और अब कहा जा रहा है कि सीबीआई की आगे की जांच इसी फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी है जो 10 दिन बाद आएगी ।
















