बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी के आक्समिक निधन की गुत्थी अब गहराती जा रही है । दुबई अभियोग पक्ष अभी तक इस मामले की गहराई की जांच में जुटा हुआ है । प्रक्रिया के अनुसार, श्रीदेवी के पति बोनी कपूर का बयान दर्ज किया गया है और होटल के कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई है । इतना ही नहीं, श्रीदेवी के फ़ोन रिकॉर्ड्स भी खंगाले जा रहे है । क्योंकि श्रीदेवी अपने भांजे मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने के लिए दुबई गई थी, इसलिए उनके परिवार से भी पूछताछ की जा रही है । खबरों की मानें तो, बोनी कपूर तब तक दुबई से बाहर नहीं जा सकते हैं जब तक उन्हें अधिकारियों से मंजूरी नहीं मिल जाती । इसके अलावा, उनकी मौत के समय उनकी हेल्थ के बारें में सभी जानकारी भारत से मांगी गई है ।

बोनी कपूर से हो रही हैं लगातार पूछताछ
दरअसल, दुबई का अभियोजन पक्ष यह तस्दीक करना चाहता है कि कहीं उनकी मौत की वजह उनका मेडिकल ट्रीटमेंट, और जो उन्होंने सर्जरी करवाई थी, वह तो उनकी मौत का कारण तो नहीं बना । आपको बता दें कि 54 साल की अभिनेत्री श्रीदेवी दुबई के जुमेरिहा अमिरात टॉवर होटल के रूम नंबर 2201 में शनिवार की रात मृत पाईं गईं थी । उन्हें राशिद हॉस्पिटल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया । इसके बाद उनकी मौत का रजा गहराता जा रहा है कि आखिर अभिनेत्री के साथ ऐसा क्या हुआ जो अचानक उनकी मौत हो गई ।
दुबई के अधिकारी कर रहे हैं पूछताछ
पहले रविवार की शाम श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को उनके परिवार को सौंपने की संभावना जताई जा रही थी लेकिन दुबई अधिकारियों की तरफ़ से इस मामले में और भी ज्यादा देरी होती जा रही है । इसके अलावा, यह भी कहा गया है कि सभी होटल के कर्मचारियों को शनिवार की शाम को उन सभी घटनाओं को फ़िर से दोहराने के लिए कहा गया जब सदमा अभिनेत्री मृत पाईं गईं थी ।
यह भी पढ़ें : श्रीदेवी की दुखद मौत पर उनकी बहन श्रीलता की खामोशी सवालों के घेरे में
बीती शाम, पुलिस ने अभिनेत्री की ऑटोप्सी की फोरेंसिक रिपोर्ट की एक कॉपी जारी की और घोषित किया कि श्रीदेवी की मौत होटल के बाथटब में दुर्घटनाग्रस्त डूबने से हुई । इसी के साथ यह भी बताया गया कि उनके शरीर में अल्कोहल भी पाया गया । दुबई अधिकारियों ने यह भी अनुमान लगाया है कि शायद अभिनेत्री शराब के नशे में बाथटब में गिर गई हो । यदि दुबई का अभियोजन पक्ष सभी जांच से संतुष्ट हो जाएगा तो अभिनेत्री का पार्थिव शरीर उनके घर मुंबई आ सकेगा । वहीं अपनी सह-कलाकार को श्रद्धांजली देने के लिए पूरा बॉलीवुड उनके घर पहुंचा हुआ है । इसी के साथ उनके फ़ैंस भी उनकी आखिरी झलक पाने के लिए उनका बेसब्री से इंतजार कर रहे है ।
















