कोरोना महामारी के दौरान जरूरतमंद लोगों के लिए सुपरहीरो साबित हुए बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने एक बार फ़िर इंसानियत की बड़ी मिसाल कायम की है । अनजान लोगों की मदद के लिए सबसे आगे रहने वाले रील से रियल हीरो बने सोनू सूद ने एक बार फिर एक जिंदगी को बचाकर लोगों का दिल जीत लिया है । सोनू सूद ने हाल ही में रोड एक्सीडेंट में बुरी तरह घायल शख्स को अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई ।

सोनू सूद ने एक बार फ़िर इंसानियत की बड़ी मिसाल कायम की
दरअसल, ये घटना पंजाब के मोगा जिले के शहर के कोटकपूरा बाईपास की है । जहां देर रात पंजाब के मोगा-बठिंडा रोड पर दो कारों की भयंकर टक्कर हो गई जिसमें एक युवक जख्मी हालत में कार के अंदर बुरी तरह फंसा गया था । उसी दौरान सोनू, जो इन दिनों पंजाब गए हुए हैं, अपनी गाड़ी से कहीं जा रहे थे । जैसे ही उन्होंने यह एक्सीडेंट देखा वैसे ही वह अपनी कार से नीचे उतरे और मदद के लिए रुक गए । सोनू ने 2 गाड़ियों के हुए एक्सीडेंट में घायल व्यक्ति को खुद बाहर निकाला और हॉस्पिटल पहुंचाकर इलाज भी करवाया ।
सोनू ने अपने टीम के लोगों की सहायता से जख्मी आदमी को गाड़ी से बाहर निकाला और उसे अपनी गोद में उठाकर अपनी गाड़ी में बैठाकर हॉस्पिटल ले जाकर उसका इलाज भी करवाया । बताया जा रहा है कि अमुख घायल व्यक्ति अब खतरे से बाहर है ।
रील से रियल हीरो बने सोनू
घायल व्यक्ति की जान बचाते हुए सोनू का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है । और हर कोई अभिनेता की तारीफ़ किए बगैर नहीं रह रहा है ।
कोरोना काल में जिस तरह सोनू ने मजदूरों व जरूरतमंद लोगों की मदद की इसके बाद उन्हें मसीहा कहा जाने लगा । लोग उन्हें भगवान का दर्जा तक देने लगे । कई जगहों से तस्वीरें और वीडियो सामने आई कि लोगों ने सोनू सूद के पोस्टर पर दूध चढ़ाकर भगवान की तरह पूजा ।
















