'अजान' को लेकर किए गए ट्वीट के चक्कर में सोनू निगम को कल अपने बाल मुंडवाने पड़े । और इसकी वजह रही मौलवी की चुनौती, जिसमें कहा गया था कि 'जो भी सोनू निगम को गंजा करेगा और पुराने जूतों की माला पहनाएगा वे उसे 10 लाख रु का इनाम देंगे', सोनू ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए अपने हेयर स्टाइलिस्ट आलिम हाकिम, जिससे वह हमेशा अपने बाल कटवाते हैं, को बुलाकर खुद ही अपने बाल मुंडवा लिए । और इन सबका खामियजा बॉबी देओल को भुगतना पड़ा क्योंकि इस वजह से बॉबी देओल का काफी समय बर्बाद हो गया ।

आपको बता दें कि सोनू निगम अपने बाल मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट आलिम हाकिम से कटवाते हैं और जिस दिन उन्होंने ये चैलेंज लिया उसी शाम 4.45 पर आलिम हाकिम सोनू निगम के बाल काटने के बाद अपने सलून पर पहुंचे जहां फिल्म स्टार बॉबी देओल उनका इंतजार कर रहे थे । सोनू निगम के कारण बॉबी को पूरा एक घंटा इंतजार करना पड़ा ।

सोनू निगम और मौलवी की चुनौती को लेकर एक समाचार चैनल ने मौलवी और आलिम के बीच खुली चर्चा रखी और वह तकरीबन एक घंटा चली जिस वजह से आलिम को सलून जाने में टाइम लग गया । वैसे आलिम और बॉबी बहुत अच्छे दोस्त हैं जिस वजह से बॉबी देओल बुरा नहीं माने । लेकिन मजाक-मजाक में बॉबी ने बोल ही दिया कि आलिम और सोनू के चक्कर में वो फंस गये ।

आलिम की बहुत बड़ी टीम है लेकिन बॉबी सिर्फ उन्हीं से बाल कटवाते हैं इसलिए बॉबी को बैठना पड़ा । बॉबी देओल की अगली फिल्म 'पोस्टर बॉयज' में भी उनके हेयर स्टाइलिस्ट आलिम ही हैं । गौरतलब है कि बॉबी देओल के अलावा संजय दत्त, अजय देवगन, ह्रितिक रोशन और वरुण धवन जैसे कई बड़े सितारे हैं जिनके हेयर स्टाइलिस्ट आलिम हाकिम हैं ।