कंगना रानौत, जो इन दिनों अपनी आगामी फ़िल्म सिमरन के प्रमोशन में व्यस्त हैं। हाल ही में दिए अपने इंटरव्यू में अपनी रिलेशनशिप को लेकर किए बड़े-बड़े खुलासों से चर्चा में आ गई है । इंडिया टीवी के रजत शर्मा के शो 'आपकी अदालत' में कंगना ने ह्रितिक रोशन के साथ अपनी रिलेशनशिप के कानूनी मुद्दे को बहुत ही बेबाकी से सबके सामने रखा । कुछ लोग जहां उनके इस एक्ट को साहस का नाम दे रहे हैं वहीं कुछ लोग इसे उनकी फिल्म के प्रमोशन का हथकंडा करार कर रहे है ।

गली में मारे फेरे, नैना, जिया लागे रे जैसे लोकप्रिय गाने गा चुकी गायिका सोना मोहपात्रा, को कंगना रानौत और ह्रितिक रोशन के बीच खुली लड़ाई महज एक सर्कस की तरह लग रही है और उससे भी ज्यादा उनकी आगामी फ़िल्म के लिए पीआर स्टंट लग रहा है । कंगना ने अपने इंटरव्यू में ह्रितिक रोशन और आदित्य पंचोली से अपने रिश्तों के बारे में कुछ दिलचस्प खुलासे किए थे । इस सबको को सोना मोहपात्रा ने नारी सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला बताया और इसके लिए उन्होंने फेसबुक पर लंबी पोस्ट लिखी है ।

“प्रिय कंगना, मैंने हमेशा ही निजी और सार्वजनिक तौर पर आपका मजबूती के साथ समर्थन किया है । आपके बॉलीवुड क्वीन बनने से पहले से मैं आपकी प्रशंसक हूं । लेकिन इस समय आपकी लव लाइफ और पर्सनल डिटेल के बारे में जो कुछ भी मीडिया में चल रहा है, वह प्रोफेशनल पीआर कैंपेन का हिस्सा ज्यादा लगता है । अपनी फिल्म (सिमरन) रिलीज से पहले यह सब करना अच्छा नहीं है । पहले आपने जिस तरह निडर होकर इंटरव्यू दिए, बेबाक तरीके से अपनी बात रखी, बड़े मुद्दों पर स्टैंड लिया, उस सबका मैं स्वागत करती हूं, लेकिन इस समय जो चल रहा है, उसे मैं सर्कस कहती हूं । मेरा मानना है कि कई सारे ऐसे पुरूष हैं जो कि नारीवादी हैं । मेरी और आपकी तरह ही कई सारे ऐसे पुरूष हैं जो समाज की बेबाक और पेशेवर महिलाओं के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं । हो सकता है कि मुझे और आपको इन पुरूषों की जरूरत न पड़े लेकिन हमें ऐसे लोगों को नही भूलना चाहिए और उन महिलाओं को भी नही भूलना चाहिए जो हर रोज सम्मान के साथ अपने हक की लड़ाई लड़ रही हैं । यह सब एक पेशेवर महिला के दिल से निकली दूसरे पेशेवर महिला के लिए आवाज है. मेरी ये कही गई बातें किसी प्रचार या लोकप्रियता बटोरने के लिए नहीं है ।”

सोना ने आगे लिखा, “यह एक कामकाजी महिला की दूसरी कामकाजी महिला के लिए दी गई राय है । यह किसी प्रचार या लोकप्रियता पाने के लिए नहीं है । मै समझ सकती हूं कि बहुत सारी कठिनाइओं को पार करके आप इस जगह पहुंची हैं । लेकिन यदि आप इस जगह से सकारात्मक बदलाव लाती हैं तो अच्छा होगा ।” आखिरी में सोना ने ओणम त्योहार के पीछे की पौराणिक कहानी का हवाला देते हुए लिखा कि इस कहानी से हमें सबक मिलता है कि जीवन में हमें जो कुछ भी मिलता है वो स्थिर नहीं है. यह प्रकृति का नियम है कि जो आज है कल वो बदल जाएगा. एक राजा को भी अपने पद से कभी न कभी हटना पड़ता है । आपको बता दें कि सोना मोहपात्रा महिलाओं से जुड़े मुद्दों के लिए अपनी राय रखने के लिए जानी जाती हैं ।

गौरतलब है कि ह्रितिक रोशन और कंगना रानौत पहली बार एक साथ साल 2009 में फ़िल्म काइट्स में नजर आए थे, तब कहा जा रहा था कि दोनों के बीच अफ़ेयर था । इसके बाद दोनों ने साल 2013 में कृष कृषिकर्म की । लेकिन उसके बाद से दोनों एक साथ किसी भी फ़िल्म में नजर नहीं आए । साल 2016 में दोनों के रिलेशनशिप को लेकर बहुत बड़ा ड्रामा खड़ा हो गया और जब कंगना रानौत ने अपने एक इंटरव्यू में ह्रितिक रोशन को 'सिली एक्स' कह दिया जिसके बाद दोनों के रिलेशनशिप को लेकर हाई-वॉल्टेज ड्रामा क्रिएट हो गया जिसने बाद में कानूनी शक्ल अख्तियार कर ली ।