अभिनेत्री से उद्यमी बनीं शिल्पा शेट्टी ने अपने कारोबारी पति राज कुंद्रा के साथ मिलकर एक ऑनलाइन शॉपिंग टीवी चैनल जिसका नाम बेस्ट डील था और जिसमें तमाम तरह के प्रोडक्ट बेचे जाते थे, की शुरूआत की थी । अब दोनों पर भिवंडी के एक छोटे व्यापारी को धोखा देने का आरोप लगा है और इसलिए दोनों के खिलाफ़ ठाणे पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है ।

एक भिवंडी व्यापारी ने राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी के खिलाफ एक एफ़आईआर दर्ज कराई है, जिसमें उन पर आरोप लगाया है कि दोनों ने उन्हें अपने कारण दिए बिना धोखा दिया है । हाल ही की रिपोर्ट के मुताबिक, राज कुंद्रा को कोनगांव पुलिस थाने में सुबह करीब 10 बजे पूछताछ के लिए बुलाया गया था और कथित तौर पर दोपहर तक लगभग 1 बजे तक उनसे पूछताछ चली । वास्तव में, यदि खबरों की मानें तो, डीसीपी पाटिल के अनुसार पूछताछ अभी खत्म नहीं हुई है और इसके बाद भी राज को लगातार दो दिनों के लिए पूछताछ के लिए बुलाया गया है ।

उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर के मुताबिक, भालोटिया एक्सपोर्ट कंपनी से उद्योगपति राज कुंद्रा की बेस्टडील टीवी कंपनी ने जुलाई 2015 से मार्च 2016 के बीच लगभग एक करोड़ 54 लाख रुपये की बेडशीट ली थी । कंपनी ने इसका एक करोड़ 29 लाख 87 हजार 123 रुपये का भुगतान भी कर दिया था, लेकिन 24 लाख 12 हजार 877 रुपये का भुगतान न करने के कारण भालोटिया एक्सपोर्ट कंपनी के मालिक रवि मोहनलाल भालोटिया ने 26 अप्रैल को कोनगांव पुलिस स्टेशन में बेस्टडील टीवी कंपनी के मालिक उद्योगपति राज कुंद्रा, उनकी पत्नी अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी, दर्शित शाह, उदय कोठारी एवं विकास बल्ली सहित पांच लोगों के विरुद्ध आईपीसी की धारा-420, 406 एवं 34 के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज करा दिया था ।