
एक समय था जब राजनीतिज्ञ अमर सिंह और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन बहुत अच्छे दोस्त हुआ करते थे । लेकिन अब समय ने राजनीतिक वरीयताओं को बदल दिया है और अब बच्चन और अमर सिंह के बीच रिश्तों के समीकरण भी बदल गए हैं । दोनों परिवारों के बीच एक दूरी आ गई है । हाल ही में, समाजवादी पार्टी में दरार पैदा करने के आरोप पर सफ़ाई देते हुए अमर सिंह ने बच्चन परिवार के बारें में भी एक चौंकाने वाला बयान दिया है ।
दरार के लिए दोषी ठहराए जाने के बारें में बात करते हुए अमर सिंह ने कहा कि, जब अंबानी बंधु अलग हुए थे तब भी उन पर ऐसे ही दरार पैदा करने वाले आरोप मड़े गए थे, लेकिन सच्चाई यह है कि वह इसमें बिल्कुल भी शामिल नहीं थे । एक ही सांस में अपनी बात करते हुए अमर सिंह ने आगे कहा कि, उदाहरण के तौर पर, एक बार बच्चन परिवार में भी उनकी आपसी समस्याओं के लिए मुझे जिम्मेदार ठहराया गया, हालांकि, सच ये है कि अमिताभ बच्चन और जया बच्चन, उनसे मिलने से काफ़ी साल पहले से एक दूसरे से अलग रह रहे थे ।
अमर सिंह ने आगे कहा कि जया बच्चन और ऐश्वर्या बच्चन के बीच में झगड़े का ज़िम्मेदार भी उन्हें ही ठहराया गया । जबकि उनके झगड़े का कारण वो कभी नहीं थे । उनके बीच में शुरू से ही दिक्कतें थीं । बहरहाल, अब ये देखना वाकई दिलचस्प होगा कि अमर सिंह के इस चौंकाने वाले बयान पर बच्चन परिवार किस तरह की प्रतिक्रिया देता है ।
















