
काले हिरण के शिकार के केस में लगता है मुश्किलें सलमान खान का पीछा नहीं छोड़ रही है । काले हिरण प्रकरण में दर्ज हुए चार केस में से, तीन में बरी हो चुके सलमान खान एक बार फिर आज कोर्ट में पेश हुए । 18 साल पुराने काले हिरण के शिकार के केस में जोधपुर की सीजेएम कोर्ट में बयान दर्ज कराने के लिए सलमान खान कोर्ट के समक्ष पेश हुए । लेकिन अब इस केस की अगली सुनवाई अब 27 जनवरी को होगी । जोधपुर जिला के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दलपत सिंह राजपुरोहित ने सलमान खान एवं अन्य आरोपियों के अधिक्ताओं द्वारा पेश हाजरी माफी के प्रार्थना पत्र को स्वीकार करते हुए यह आदेश दिया है ।
आपको बता दें कि जोधपुर जिला के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दलपत सिंह राजपुरोहित ने सलमान सहित सैफ अली खान फिल्म अभिनेत्री तब्बू , नीलम , सोनाली बेन्द्रे एवं स्थानीय दुष्यंत सिंह को बयान के लिए उपस्थित रहने का आदेश दिया था ।
गौरतलब है कि हमने आपको पहले ही ये बता दिया था कि हाल ही में सलमान खान को 18 साल पुराने दुर्लभ काले हिरण के अंतर्गत दर्ज हुए चार केस में से एक अवैध हथियार रखने के केस में बरी कर दिया गया था । और अब इस सिर्फ़ एक ही केस उन पर चल रहा है ।
साल 1998 में जब सलमान खान सूरज बड़जात्या की फ़िल्म हम साथ साथ हैं की शूटिंग कर रहे थे । उसी दौरान वह अपने सह-कलाकारों के साथ शिकार करने के लिए गए । जंगल में शूटिंग के दौरान फिल्म अभिनेता सलमान खान , फिल्म अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे, तबू, नीलम और कई कलाकारों पर जोधपुर के पास कांकाणी में दो दुर्लभ काले हिरण के शिकार का आरोप लगा । इस घटना के बाद, बिश्नोई समुदाय ने सलमान और अन्य लोगों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था और सभी कलाकारों और स्थानीय आरोपी दुष्यंत सिंह के खिलाफ़ केस दर्ज हो गया ।
















