ढेर सारी खुर्खियां बटोरने वाले बिग बॉस के तमिल वर्जन के होस्ट और दिग्गज अभिनेता, कमल हासन एक कानूनी पचड़े में फ़ंस गए है । कमल हासन के खिलाफ़ एक मानहानी की शिकायत का मामला दर्ज हुआ है । तमिल बिग बॉस के प्रस्तोता कमल हासन पर आरोप लगाया गया है कि शो के 14 जुलाई के एपिसोड में एक विशेष समुदाय को अपमानित किया गया ।

22 अगस्त को, मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट अदालत में उनके खिलाफ़ शिकायत दर्ज कराई गई और अब इसकी सुनवाई 1 सितंबर, 2017 को होगी । शिकायत में कहा गया कि, इसई वेल्लालर समुदाय संगीत उपकरण नादस्वरम को भगवान की तरह मानता है । समुदाय के अध्यक्ष के आर कुहेश ने कहा कि शो के एक एपिसोड में अभिनेता शक्ति को इस संगीत यंत्र को लापरवाही से एक हाथ से दूसरे में उठालते हुए दिखाया गया । याचिकाकर्ता ने यह दलील भी दी कि बिग बॉस प्रतिभागियों के खाना खाते वक्त मेज पर इस उपकरण को रखा गया, जो अपमानजनक है और इसई वेल्लालर समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाला है ।

याचिकाकर्ता ने कहा कि विजय टीवी, कमल हासन, अभिनेता शक्ति और बिग बॉस के निर्माता एंडेमॉल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड अच्छी तरह जानते हैं कि नादस्वरम का अपमान करने से समुदाय की भावनाएं आहत होंगी, उसके बाद भी हासन ने कोई माफी नहीं मांगी । उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि दर्शकों को आकर्षति करने के मकसद से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नादस्वरम का अपमान किया गया और इस पर मुकदमा चलना चाहिए और सजा मिलनी चाहिए ।

बिग बॉस तमिल का आगाज 24 जून को हुआ था और इसी के साथ कमल हासन ने अपना टीवी डेब्यू किया था ।