दिग्गज अभिनेता कादर खान, जिन्होंने दुल्हे राजा, हीरो नंबर 1 और न जाने कितनी ब्लॉकबस्टर फ़िल्मों में अभिनय से दर्शकों का दिल जीता, अब इस दुनिया से रुखसत हो गए है । बॉलीवुड के गिने चुने हरफनमौला कलाकारों में शामिल कादर खान का 81 साल की उम्र में लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया । पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री ऐसे दिग्गज अभिनेता के निधन से सदमे में है । वहीं उनके साथ तकरीबन 100 आईकॉनिक फ़िल्मों में काम कर चुके बॉलीवुड कलाकार शक्ति कपूर ने कादर खान से जुड़े कुछ खुलासे किए है जिसे सुनकर कोई भी हैरान हो जाएगा । शक्ति कपूर ने कादर खान के अंतिम समय का खुलासा कर बताया कि वह काफ़ी अकेलापन महसूस करते थे और जिसकी वजह से उनका निधन हो गया ।

कादर खान के निधन को लेकर शक्ति कपूर ने खोला ये राज और बताई उनकी अधूरी ख्वाहिश

कादर खान और शक्ति कपूर काफ़ी अच्छे दोस्त थे

कादर खान के निधन की खबर उनके बेटे सरफ़राज़ खान ने दी । कनाड़ा में जहां उनकी फ़ैमिली रहती है वहीं उनका अंतिम संस्कार किया गया । कादर खान के बारें में बात करते हुए शक्ति ने बताया कि, उन्होंने कादर खान के साथ तकरीबन 100 फ़िल्मों में साथ काम किया । अब जबकि कादर खान इस दुनिया में नहीं रहे तो पूरी इंडस्ट्री उनके खोने का शोक मना रही है लेकिन जब वे इस दुनिया में थे तब उन्हें किसी ने याद नहीं किया । उन्होंने उन लोगों पर सवाल उठाया कि, अब लोग उनकी उपलब्धियों की सराहना कर रहे है जब वह इस दुनिया में नहीं है, ये बहुत परेशान करने वाला है ।

ये थी कादर खान की अधूरी ख्वाहिश

शक्ति ने आगे खुलासा किया कि, जब वह काम नहीं कर रहे थे और बीमार थे तब उनकी किसी को कोई चिंता नहीं थी । शक्ति ने आगे बताया कि, कादर आर्थिक रूप से सक्षम थे और कनाड़ा में अपने परिवार के साथ रहते थे । लेकिन इंडस्ट्री का कोई भी उनसे मिलने वहां नहीं गया । वह काफ़ी अकेलापन महसूस करते थे । शक्ति ने यह सब बातें काफी नाराजगी के साथ कहीं और उनको दुख है कि उन्होंने अपने करीबी दोस्त को खो दिया ।

शक्ति ने आगे बताया कि, वह उन्हें लगातार फ़ोन किया करते थे और उनसे उनका हाल चाल पूछ लिया करते थे । वो उन्हें अल्लाह के बंदे कहते थे और उनके पांव छूते थे । वे दोनों बहुत अच्छे दोस्त थे । वे दोनों अक्सर ज्ञान की बातें करते थे ।

यह भी पढ़ें : तनुश्री दत्ता-नाना पाटेकर विवाद का मजाक बनाते हुए शक्ति कपूर ने कहा-'उस समय तो मैं बच्चा था'

शक्ति ने आगे बताया कि, जब भी वे उनसे बात करते थे तो वह कहते थे- 'मैं फिल्मों में साहसिक रूप से कमबैक करूंगा, सिर्फ इस वजह से कि नई जनरेशन को जुबान सिखा सकूं । यह बता सकूं कि डायलॉग डिलीवरी क्या होती है और कैसे आपके मुंह से शब्द रोज और बटरफ्लाई की तरह निकलने चाहिए। आज के एक्टर जो बोलते हैं, उसमें से आधा समझ ही नहीं आता । मैं नई जनरेशन को एक्टर्स की भाषा सिखाना चाहता हूं ।'