साल 2023 में अपनी दो फ़िल्मों पठान और जवान से बॉक्स ऑफिस पर सुनामी लाने वाले अभिनेता शाहरुख खान इस समय बॉलीवुड के सबसे कमाऊ और डिमांडिंग अभिनेता बन चुके हैं । एक नहीं दो ऑलटाइम ब्लॉकब्स्टर फ़िल्में देने के बाद शाहरुख को अंडरवर्ल्ड-गैंगस्टरों से लगातार धमकी भरे कॉल्स आ रहे थे जिसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने शाहरुख खान की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला लिया है । गैंगस्टरों से जान से मारने की धमकी की शिकायत के बाद मुंबई पुलिस ने शाहरुख खान को Y+ कैटेगरी की सुरक्षा दी है ।

शाहरुख खान को मिली Y+ कैटेगरी की सुरक्षा
दरअसल, शाहरुख ने राज्य सरकार को एक लिखित शिकायत दी थी कि उनकी फिल्म पठान और जवान की सफलता के बाद से ही उन्हें लाइफ थ्रेट के काल आ रहे हैं । ऐसे में राज्य सरकार शाहरुख की सेफ्टी के साथ कोई लापरवाही नहीं करना चाहती । राज्य सरकार ने शाहरुख की सुरक्षा के लिए IG VIP सिक्योरिटी का आदेश दिया है । मुंबई पुलिस द्वारा Y+ सिक्योरिटी कवर दिया गया है । Y+ सिक्योरिटी के तहत 6 हथियारबंद जवान 24 घंटे शाहरुख के साथ रहेंगे । इससे पहले शाहरुख के साथ दो सिक्योरिटी फोर्स रहते थे ।
बताया जा रहा है कि पुलिस को खुफिया जानकारी मिली है कि शाहरुख की जान को खतरा है । पठान और जवान के हिट होने के बाद शाहरुख अंडरवर्ल्ड और गैंगस्टार के निशाने पर हैं । मुंबई पुलिस द्वारा शाहरुख को Y+ सिक्योरिटी कवर दिया गया है जो पेड सुरक्षा है । यानी शाहरुख अपनी सिक्योरिटी का खर्च खुद उठाएंगे । इसका भुगतान शाहरुख को सरकार को करना पड़ेगा ।
बता दें कि, महाराष्ट्र सरकार की पॉलिसी के अनुसार, सिक्योरिटी कवर उन नागरिकों को प्रदान किया जाता है जिन्हें जान का खतरा होता है । ऐसे मामलों में, नागरिकों को सुरक्षा के लिए फीस देना पड़ता है या सिक्योरिटी अमाउंट जमा करना पड़ता है ।
शाहरुख से पहले सलमान खान को भी Y+ सिक्योरिटी दी गई थी । पिछले साल लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से जान से मारने की धमकी मिलने के बाद सलमान खान को Y+ सिक्योरिटी कवर दिया गया था ।
















