879249132

विख्यात प्लेबैक सिंगर शान, जिसने कई हिट गीतों को अपनी आवाज दी है, का बेटा शुभ बहुत जल्द बॉलीवुड में कदम रखने वाला है । 11 साल का शुभ यशराज फ़िल्म्स के साथ गायिकी में अपना डेब्यू करेगा और वो भी अपने पापा शान के साथ । दरअसल, शान यशराज फ़िल्म्स के लिए एक थीम सॉंग गाएंगे और जिसमें उनका बेटा उनके साथ गुनगुनाएगा ।

शुभ, यशराज फ़िल्म्स की वेब सीरीज सेक्स चैट विद पप्पू एंड पापा के लिए थीम सॉंग गाएगा । शान के सुपर्बिया बैंड जिसमें शामिल हैं गौरवदास गुप्ता और रोशन बालू द्दारा ये गाना कंपोज्ड किया गया है । ये वीडियो सॉंग, पिता और पुत्र और के बीच साथ में बिताए गए उनके क्षणों को प्रस्तुत करता है ।

गाने के बारें में विस्तार से बताते हुए शान ने कहा, जब यशराज फिल्म्स की युवा शाखा वाई-फिल्म्स के प्रमुख आशिष पाटिल ने उनसे ये आइडिया शेयर किया कि वो इस सीरिज में एक पिता-पुत्र का गाना पेश करना चाह रहे हैं तो, उन्हें उनका ये विचार बहुत अच्छा लगा और शान इसे गाने के लिए तैयार हो गए । शान ने कहा, उन्हें अपने बेटे शुभ पर बहुत गर्व है और शुभ ने जिस खूबसूरती से इस गाने को गाया है उसे देखकर वो खुद को भावुक होने से रोक नहीं सके ।

यशराज फिल्म्स की युवा शाखा वाई-फिल्म्स का नया कार्यक्रम सेक्स चैट विद पप्पू एंड पापा में कंडोम और समलैंगिकता जैसे वर्जित विषयों पर बात की जाएगी । इसमें एक कहानी के माध्यम से बेहद साफ-सुथरे तरीके से यौन संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी जाएगी । सेक्स चैट विद पप्पू एंड पापा पांच भागों की सीरीज है । इसका प्रीमियर वाई-फिल्म्स यू ट्यूब चैनल पर किया जाएगा ।