Anupam

छोटे पर्दे पर 'कुछ भी हो सकता है' और 'सवाल दस करोड़ का' जैसे शो होस्ट करने के बाद दिग्गज अनुपम खेर एक बार फ़िर छोटे पर्दे पर लौट रहे हैं । इस बार अनुपम खेर एक ऐतिहासिक टीवी शो को होस्ट करेंगे जिसका नाम होगा 'भारतवर्ष' ।  इसमें देश के विकास और गठन के पीछे महत्वपूर्ण लोगों की कहानियों के बारें में बताया जाएगा । इस शो में प्राचीन भारत से लेकर 19वीं सदी के भारत की यात्रा दिखाई जाएगी, जिसमें कुछ प्रमुख हस्तियों की कहानियां दिखाई जाएंगी , जिन्होंने देश के विकास पर निर्णायक प्रभाव डाला ।

इस शो के बारें बोलते हुए अनुपम खेर ने कहा कि, ये एक महान अवधारणा है । भारतवर्ष टीवी के इतिहास का एक ऐसा यादगार शो साबित होगा जो न सिर्फ नई पीढ़ी को सीख देगा, बल्कि भारत के इतिहास, सभ्यता, संस्कृति, भाषा और समाज को जिस खूबसूरती से पेश किया गया, हर हिंदुस्तानी को इसे जानकर गर्व होगा । आज ये बताना जरूरी है कि हमारा इतिहास क्या है, कितना पुराना है और इस धरती ने कितनी महान शख्सियतें दीं, जिनके  पुरूषार्थ, ज्ञान, सेवा और तपस्या से ये धरती गुलजार है और ये शो इन सभी सवालों का बहुत ही खूबसूरती के साथ जवाब देता है । इसके अलावा अनुपम खेर ने कहा कि, इस शो का नाम इतना खूबसूरत है कि हर पल गर्व का एहसास दिलाता है । एंकरिंग के दौरान मैं जब-जब  'भारतवर्ष' का नाम लेता हूं, मेरे अंदर मेरी देशभक्ति जाग उठती है, भारत के तयीं मेरा प्यार और बढ़ जाता है ।

यह शो समृद्द संस्कृति और हमारे देश की विरासत पर आधारित है । इस शो में चाणक्य और गौतम बुद्द जैसे व्यक्तियों की विचारधारा पेश की जाएगी । भारतवर्ष शो 20 अगस्त से हर शनिवार रात 10 बजे एबीपी न्यूज चैनल पर प्रसारित होगा ।