आमिर खान के होम प्रोडक्शन में बनी आगामी फ़िल्म सीक्रेट सुपरस्टार में आमिर कैमियो करते हुए नजर आएंगे । बॉक्सऑफ़िस पर इस फ़िल्म की टक्कर रजनीकांत और अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म 2.0 से होगी, क्योंकि ये दोनों ही फिल्में दिवाली के दौरान एक साथ रिलीज होने वाली हैं ।

कहा जा रहा है कि दीवाली वीक में अच्छे कारोबार की उम्मीद को देखते हुए यह फैसला किया गया है । सूत्रों के मानें तो सीक्रेट सुपरस्टार की रिलीज़ के लिए दिवाली वाला वीकेंड उसके कमाई के लिए अच्छा मना जा रहा था इसलिए जो फिल्म पहले 11 अगस्त को रिलीज़ हो रही थी अब वह दिवाली पर रिलीज़ करने का फैसला लिया गया हैं । खबर यह भी है कि फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ाने को लेकर आमिर खान ने पहले रजनीकांत से बात की । दोनों काफी अच्छी बॉन्डिंग शेयर करते हैं, इसलिए आमिर ने जब दीवाली पर फिल्म रिलीज करने की बात की तो रजनीकांत ने इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई ।

आमतौर पर ऐसा देखा गया है की दिवाली पर हर साल दो फिल्मे रिलीज़ की जाती है और दोनों ही अच्छा कारोबार करने में सफल रहती हैं । इस फ़िल्म में जायरा वसीम, जिसने दंगल से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था, लीड रोल में नजर आएंगी । आपको बता दें कि जायरा को हाल ही में सपोर्टिंग एस्ट्रेस के लिए नेशनल अवॉर्ड से नवाजा गया । इसके अलावा आमिर खान एक छोटे से रोल में नजर आएंगे । आमिर इस फ़िल्म में अपने रोल को 'दाल में तड़के' की तरह मानते हैं ।

अद्वैत चंदन के निर्देशन में बनी यह फ़िल्म ज़ी स्टूडियोज द्दारा प्रस्तुत की जाएगी । वहीं दूसरी तरफ अक्षय कुमार और रजनीकांत अभिनीत फ़िल्म 2.0, साल 2010 में आई फ़िल्म 'रोबोट' का सीक्वल है, जिसमें रजनीकांत डबल रोल में नजर आए थे ।