साल 2022 में कार्तिक आर्यन स्टारर भूल भूलैया 2 देने वाले निर्देशक अनीस बज्मी ने साल की शुरुआत में अनाउंस किया था की वह विशाल राणा और ज़ी स्टूडियो के साथ मिलकर एक अनूठी कॉमेडी फ़िल्म बनाने वाले हैं । फिर इस फ़िल्म को लेकर खबर आई की यह एक सुपर हीरो कॉमेडी फ़िल्म है जिसका टाइटल अस्थायी रूप से 5 मिनट का सुपरहीरो रखा गया है । और अब अनीस बज्मी की इस फ़िल्म को लेकर लेटेस्ट अपडेट ये है कि, उनकी इस फ़िल्म में वरुण धवन लीड रोल में नज़र आने वाले हैं ।

SCOOP: अनीस बज्मी की अनूठी कॉमेडी फ़िल्म 5 मिनट का सुपरहीरो में वरुण धवन बनेंगे नए तरह के ‘सुपरहीरो’

वरुण धवन बनेंगे 5 मिनट का सुपरहीरो

फ़िल्म से जुड़े करीबी सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया कि अनीस बज्मी अपनी इस अनूठी कॉमेडी फ़िल्म में वरुण को कास्ट करना चाहते हैं वहीं वरुण ने भी उनके लिए इस फ़िल्म में अजीबोगरीब सुपरहीरो बनने में दिलचस्पी दिखाई है । सूत्र ने बताया, “5 मिनट का सुपरहीरो एक अनूठी सुपरहीरो कॉमेडी है, जिसमें मुख्य किरदार 5 मिनट के अंतराल में अपनी सभी सुपरहीरो की महाशक्तियों को खो देता है । यह अनीस बज्मी के लिए ड्रीम प्रोजेक्ट्स में से एक है और वह वरुण धवन के साथ अपनी अब तक की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजना बनाना चाहते हैं । 

सूत्र ने आगे बताया, “फिल्म को अगले साल के अंत तक फ्लोर पर जाने का लक्ष्य रखा गया है और यह 2024 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी । हालांकि वरुण ने अभी तक फ़िल्म साइन नहीं की है लेकिन उन्हें फ़िल्म का आइडिया बहुत अच्छा लगा । वहीं डायरेक्टर अनीस बज्मी भी 5 मिनट का सुपरहीरो के साथ कॉमेडी की एक नई उप-शैली पेश करने के लिए काफ़ी कॉन्फ़िडेंट हैं ।