रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर की रोमांटिक कॉमेडी, तू झूठी मैं मक्कार अपनी रिलीज़ से बस दो हफ़्ते से भी कम समय दूर है । फ़िल्म के ट्रेलर से लेकर गानों तक लोगों के बीच अच्छी ख़ासी धूम मचा दी है । लव रंजन के निर्देशन में बन रही तू झूठी मैं मक्कार से उम्मीद जताई जा रही है की फ़िल्म को होली की छुट्टियाँ का अच्छा ख़ासा फ़ायदा होगा और बॉक्स ऑफ़िस पर फ़िल्म को जबरदस्त ओपनिंग मिलेगी । वहीं अब हमने इस फ़िल्म को लेकर सुना है कि, मेकर्स और ज़्यादा फ़ायदा लेने के लिए रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर की तू झूठी मैं मक्कार को उसकी तय रिलीज़ डेट से एक दिन पहले रिलीज़ करने की सोच रहे हैं ।

रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर की तू झूठी मैं मक्कार
तू झूठी मैं मक्कार के रिलीज़ प्लान में बदलाव आने के बारें में करीबी सूत्र ने हमें बताया, “तू झूठी मैं मक्कार होली के बाद यानी 8 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज़ होनी है । लेकिन अब मेकर्स इसे एक दिन पहले यानि 7 मार्च, मंगलवार को रिलीज़ करने की प्लानिंग कर रहे हैं ।”
सूत्र ने आगे कहा, “होली खेलने का दिन 7 मार्च को है । कई जगहों पर होली की छुट्टी 7 मार्च को होगी । इसका फायदा उठाने के लिए मेकर्स को लगा कि यही सही रहेगा की फ़िल्म 7 मार्च को रिलीज़ हो क्योंकि इससे फ़िल्म को ज़्यादा से ज़्यादा दर्शक मिल पाएँगे ।”
हालांकि, सूत्र ने यह भी कहा, “इस बारें में कुछ दिनों में फैसला ले लिया जाएगा । अगर तू झूठी मैं मक्कार समय पर रिलीज़ के लिए तैयार हो जाती है, तो यह मंगलवार, 7 मार्च को रिलीज़ होगी या फिर, यह निर्धारित समय के अनुसार 8 मार्च को सिनेमाघरों में आएगी ।”
यदि तू झूठी मैं मक्कार 7 मार्च को रिलीज़ होती है, तो इसे छह दिनों का लंबा वीकेंड मिलेगा, जो बहुत ही असामान्य है क्योंकि फिल्म निर्माता उत्सव का लाभ उठाने के लिए गुरुवार को या अधिक से अधिक बुधवार को रिलीज करना पसंद करते हैं । पिछले साल, दिवाली रिलीज - अक्षय कुमार स्टारर राम सेतु और अजय देवगन-सिद्धार्थ मल्होत्रा-रकुल प्रीत सिंह स्टारर थैंक गॉड - भी मंगलवार, 25 अक्टूबर को रिलीज हुई, क्योंकि उस दिन दिवाली के बाद की छुट्टी थी । 10 साल पहले, शाहरुख खान-स्टारर जब तक है जान और अजय देवगन-स्टारर सन ऑफ सरदार, 2012 की दिवाली रिलीज भी मंगलवार को बड़े पर्दे पर रिलीज हुई थी ।
















