रामनवमी के दिन यानि 30 मार्च को रिलीज़ हुई अजय देवगन की भोला बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक परफ़ॉर्म कर रही है । अपनी रिलीज़ के पहले दिन 11.20 करोड़ रू कमाने वाली भोला अब तक कुल 44.28 करोड़ रू की कमाई कर चुकी है । सुस्त शुरुआत के बावजूद भोला ने अपने फ़र्स्ट वीकेंड लंबी छलांग लगाई । भोला के एक्टर-डायरेक्टर अजय देवगन की एक्टिंग को ही नहीं निर्देशन को भी ख़ूब सराहना मिल रही है । जैसा कि सभी को पता है कि, भोला असल में लोकेश कनगराज की 2019 की तमिल फिल्म कैथी का रीमेक है । ऐसे में बॉलीवुड हंगामा को पता चला है कि, कैथी के हिंदी रीमेक राइट्स के लिए इसके मेकर्स और भोला के मेकर्स के बीच एक अलग तरह ही डील हुई है ।

SCOOP: कैथी के हिंदी रीमेक भोला के लिए मेकर्स ने साइन की अनूठी डील ; एक्टर-डायरेक्टर अजय देवगन की फ़िल्म के साथ प्रॉफिट शेयरिंग डील

अजय देवगन की भोला

रीमेक राइट्स के बारें में अंदर की खबर बताते हुए क़रीबी सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “आमतौर पर, हिंदी फिल्म निर्माता एकमुश्त राशि का भुगतान करते हैं और दक्षिण फिल्म के निर्माता से अधिकार खरीदते हैं । या ऐसे उदाहरण हैं जहां दक्षिण निर्माता भी रीमेक का सह-निर्माण करेंगे, जैसा कि शहजादा (2023), जर्सी (2022), गजनी (2008) आदि के साथ हुआ था । लेकिन भोला को लेकर कैथी के प्रोड्यूर्स- एस आर प्रकाशबाबू और एस आर प्रभु ने हिंदी रीमेक के लिए कोई तय अमाउंट नहीं लिया है  बल्कि भोला के मेकर्स के साथ प्रॉफिट शेयरिंग डील साइन की है ।

सूत्र ने आगे बताया, “एस आर प्रकाशबाबू और एस आर प्रभु ने रीमेक के प्रॉफिट से 5% हिस्सा शेयर करने की डील की है । इसमें न केवल थियेटर बल्कि गैर-थियेट्रिकल रेवेन्यू जैसे संगीत, सेटेलाइट और डिजिटल अधिकारों की बिक्री भी शामिल है । इसलिए, यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि पोस्टरों पर एसआर प्रकाशबाबू और एसआर प्रभु के प्रोडक्शन हाउस ड्रीम वारियर पिक्चर्स का उल्लेख किया गया है और इसका लोगो भी फिल्म की शुरुआत में दिखाया गया है ।

सूत्र ने आगे बताया कि, “यह कहना मुश्किल है कि यह इस तरह का पहला उदाहरण है लेकिन निश्चित रूप से, रीमेक फिल्म के लिए यह एक अलग तरह की डील है ।

भोला की बात करें तो इसमें अजय के अलावा, तब्बू, अमला पॉल, दीपक डोबरियाल, विनीत कुमार और गजराज राव भी नज़र आएं हैं । भोला एक ऐसे शख्स की कहानी है, जो 10 साल बाद जेल से रिहा हुआ है और अपनी बेटी से पहली बार मिलने वाला है । एक असहाय पुलिस वाला उसे एक खतरनाक मिशन में उसकी मदद करने के लिए कहता है । कैसे वह रात के दौरान चुनौतियों का सामना करता है, फ़िल्म की कहानी इसके ही इर्द गिर्द घूमती है ।